बुजुर्ग दलित महिला से कथित मारपीट के खिलाफ प्रदर्शन
चंडीगढ़, 5 सितंबर (ध्रुव)। शिरोमणि अकाली दल के कार्यालय में एक बुजुर्ग दलित महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में आम आदमी पार्टी AAP Women Wing ने शनिवार को समराला में एसडीएम कार्यालय के बाहर जिला स्तरीय प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई AAP महिला विंग पंजाब की प्रधान और मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने की।
AAP Women Wing के अनुसार, प्रदर्शन में हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया। लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर समेत कई महिला नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने घटना को लेकर बादल परिवार और कथित तौर पर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल का पुतला भी फूंका गया।
'राजनीतिक कार्यालय कानून से ऊपर नहीं' : AAP Women Wing
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने आरोप लगाया कि अकाली दल कार्यालय के अंदर एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि महिला ने कथित तौर पर भगवंत सिंह मान को अपने बेटे जैसा बताया था, जिसके बाद उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
उन्होंने कहा कि यदि महिला से कोई असहमति थी तो पुलिस को बुलाया जा सकता था, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यालय भी कानून से ऊपर नहीं हैं और घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भगवंत मान का नाम लेने पर मारपीट का आरोप
डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने आरोप लगाया कि महिला को कथित तौर पर सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उसने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का नाम लिया था। उन्होंने इस घटना को लेकर अकाली दल और बादल परिवार पर राजनीतिक हमला भी बोला।
उन्होंने कहा कि पंजाब में किसी भी महिला के साथ हमला, धमकी या बेइज्जती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और AAP महिला विंग महिलाओं के सम्मान के लिए आवाज उठाता रहेगा।
निष्पक्ष जांच की मांग : AAP Women Wing
AAP Women Wing की प्रधान ने संबंधित पुलिस कमिश्नर, एसएसपी और अतिरिक्त उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक या प्रभावशाली व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी है।
यह भी पढ़े :- पंजाब में नशा तस्करी पर सख्ती, 25,339 गिरफ्तारियां: DGP Gaurav Yadav