पंजाब

होशियारपुर में हेल्थ को बड़ा बूस्ट, भगवंत मान ने लॉन्च किए मेगा प्रोजेक्ट

26 Views
Major Boost to Healthcare in Hoshiarpur, Bhagwant Mann Launches Mega Projects
Major Boost to Healthcare in Hoshiarpur, Bhagwant Mann Launches Mega Projects

हर साल 100 एमबीबीएस छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी : भगवंत मान

होशियारपुर, 7 अप्रैल (Sunil Kumar)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में विकास को नई रफ्तार देते हुए स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत की। करीब 516 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स के तहत सबसे अहम घोषणा शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की रही, जिसे दो साल के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह संस्थान न केवल मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा देगा बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर भी बदलेगा। यहां 300 बेड का आधुनिक अस्पताल, 8 ऑपरेशन थिएटर, एमआरआई, सीटी स्कैन जैसी उन्नत सुविधाएं और 500 सीटों का ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। हर साल 100 एमबीबीएस छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे पंजाब में डॉक्टरों की कमी को भी दूर करने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शाम चौरासी में 30 बेड के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की आधारशिला रखी। इस सेंटर में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, लैब, एक्स-रे, टीकाकरण और प्रसव सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे 40 से अधिक गांवों को सीधा फायदा मिलेगा। इसके साथ ही इलाके में 7 नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोलने की घोषणा भी की गई है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।

बलाचौर-गढ़शंकर-होशियारपुर-दसूहा 105 किलोमीटर सड़क परियोजना की शुरुआत

इंफ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर भी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए बलाचौर-गढ़शंकर-होशियारपुर-दसूहा 105 किलोमीटर सड़क परियोजना की शुरुआत की, जिस पर करीब 99 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह सड़क चंडीगढ़, पठानकोट और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और धार्मिक स्थलों जैसे आनंदपुर साहिब और माता नैना देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर देना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब ने विकास की दिशा में तेजी से प्रगति की है और आने वाले समय में ऐसे और प्रोजेक्ट्स शुरू किए जाएंगे।

यह भी पढ़े :- एक कप चाय को तरसे अधिकारी, सेक्रेटेरिएट में आज चाय की स्ट्राइक

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts