भाजपा का ‘चुनावी खेल’ जारी, पंजाब विधान सभा चुनाव से पहले भेजी ED : Bhagwant Mann
चंडीगढ़, 17 अप्रैल (ध्रुव)। पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की लगातार हो रही छापेमारी को लेकर Punjab Politics में सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ईडी के जरिए चुनावी राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में दो ‘आप’ नेताओं के घरों पर छापे मारे गए, जो यह दिखाता है कि भाजपा चुनाव से पहले दबाव की राजनीति कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि पिछले छापों में क्या मिला। उन्होंने कहा, “पहले भी कुछ नहीं मिला था, अब भी कुछ नहीं मिलेगा।” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास पंजाब में पूरे 117 उम्मीदवार तक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से पार्टी ईडी के जरिए ‘आप’ नेताओं को डराकर तोड़ने की कोशिश कर रही है।
AAP नेताओं को निशाना बनाने का आरोप
सीएम मान ने कहा कि ‘आप’ के नेताओं को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि पार्टी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के मामलों का जिक्र किया और कहा कि विपक्षी नेताओं को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
भाजपा के बड़े मंसूबों के बारे में उन्होंने खुलासा किया कि पार्टी किसी भी कीमत पर सत्ता चाहती है और जिन राज्यों में इसे समर्थन नहीं मिल रहा, वहां कब्जा करने के लिए संस्थाओं और नियमों को तोड़ने-मरोड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “वे बंगाल, केरल और तमिलनाडु पर कब्जा करना चाहते हैं। भले ही इसके लिए उन्हें हदबंदी करनी पड़े या जो भी लालच देना पड़े, वे सिर्फ सत्ता हथियाना चाहते हैं।”
Punjab Politics : “लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि वह छापों की राजनीति छोड़कर जनता के बीच काम करे और 2027 चुनाव की तैयारी करे।
यह भी पढ़े :- Punjab Cabinet : मॉनसून से पहले दरियाओं की सफाई को हरी झंडी