पंजाब

लालजीत भुल्लर के इंटरव्यू को लेकर बवाल, विपक्ष ने सरकार को घेरा

63 Views
Minister Laljit Singh Bhullar
Minister Laljit Singh Bhullar

पुलिस की हिरासत में कैसे पहुंच गया लालजीत भुल्लर के पास मोबाइल

चंडीगढ़, 24 मार्च (The State Headlines)। पंजाब की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब गिरफ्तार किए गए पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इंटरव्यू सामने आया। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस हिरासत में होने के बावजूद लालजीत भुल्लर का इंटरव्यू आखिर कैसे हुआ और उनके पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचा।

यह मामला अमृतसर के वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस से जुड़ा है, जिसमें लालजीत भुल्लर को गोबिंदगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद इस तरह इंटरव्यू का सामने आना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है, खासकर पुलिस व्यवस्था और हिरासत की सुरक्षा को लेकर।

विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए सरकार व पंजाब पुलिस से जवाब मांगा है। उन्होंने पूछा कि क्या पुलिस हिरासत अब इतनी कमजोर हो चुकी है कि आरोपी आराम से इंटरव्यू दे सकें।

विपक्ष ने उठाया इंटरव्यू का मुद्दा

विपक्ष का आरोप है कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं प्रशासनिक लापरवाही या मिलीभगत नजर आती है। उन्होंने कहा कि यदि हिरासत में बैठे व्यक्ति के पास मोबाइल पहुंच सकता है, तो पंजाब पुलिस की जांच पर कैसे भरोसा किया जा सकता है।

साथ ही, विपक्षी नेताओं ने पंजाब पुलिस की नीयत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में निष्पक्ष जांच पर भरोसा नहीं है। उन्होंने स्वतंत्र एजेंसी CBI से जांच करवाने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

दूसरी ओर, पंजाब पुलिस की तरफ से अभी तक इस पूरे विवाद पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है और उन्होंने चुप्पी धार ली है। जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है, खासकर जब विपक्ष इसे कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts