नई दिल्ली, 22 जुलाई (ध्रुव)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के Government Schools से NEET परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अगर भारत को विकसित और समृद्ध देश बनाना है तो हर बच्चे को अच्छी शिक्षा देना जरूरी है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
पंजाब के Government Schools के 881 विद्यार्थियों ने किया NEET क्वालिफाई
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि इस बार पंजाब के सरकारी स्कूलों के 881 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा क्वालिफाई की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से पहले पंजाब के सरकारी स्कूलों से 100 से भी कम बच्चे NEET में सफलता हासिल करते थे।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। अब इन परिवारों के बच्चे डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, "अब रिक्शा चलाने वालों और मजदूरों के बच्चे डॉक्टर बनेंगे और उनका भविष्य बेहतर होगा।" उन्होंने NEET में सफल सभी विद्यार्थियों और उनके माता-पिता को बधाई दी।
'75 साल में किसी सरकार ने Government Schools को इतनी तवज्जो नहीं दी'
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देती है। उनके अनुसार, जब तक देश की शिक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होगी, तब तक भारत वास्तविक अर्थों में तरक्की नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में किसी भी पार्टी या सरकार ने शिक्षा को उतनी प्राथमिकता नहीं दी, जितनी आम आदमी पार्टी दे रही है।
भगवंत मान बोले - शिक्षा के क्षेत्र में नंबर वन बन रहा पंजाब
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी NEET में सफल विद्यार्थियों और उनके माता-पिता को बधाई दी। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के शिक्षा संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार शिक्षा के माध्यम से उनके सपने को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। मान ने उन माता-पिता की भी सराहना की, जो अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए सुबह जल्दी उठकर उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में नंबर वन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ पंजाब के बच्चों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि पूरे देश में शिक्षा को मजबूत बनाना है, ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी बड़े पदों तक पहुंच सकें।
'राशन कार्ड गरीबी खत्म नहीं कर सकते, शिक्षा करेगी'
भगवंत मान ने कहा कि लाल, पीले या हरे राशन कार्ड जरूरतमंद परिवारों को दो वक्त की रोटी उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन गरीबी को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जब गरीब परिवारों के बच्चे डॉक्टर बनेंगे, IIT में दाखिला लेंगे और बड़ी कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी हासिल करेंगे, तभी देश वास्तविक अर्थों में विकसित और समृद्ध बनेगा।
यह भी पढ़े :- Tirth Yatra Bus पर हमले को लेकर AAP का कांग्रेस पर बड़ा आरोप