Sajjan Kumar को श्रद्धांजलि देने के विरोध में आप का पंजाब भर में प्रदर्शन
चंडीगढ़, 1 सितंबर (ध्रुव)। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी Sajjan Kumar की श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के तीन सांसदों के शामिल होने के विरोध में मंगलवार को लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और बठिंडा में प्रदर्शन किया। आप नेताओं ने भाजपा सांसद रामवीर बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सेहरावत के श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने की कड़ी निंदा की और भाजपा से तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आप नेताओं ने कहा कि 1984 का नरसंहार सिख परिवारों के लिए आज भी गहरा और कभी न भरने वाला घाव है। ऐसे में सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने पीड़ित परिवारों और सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
अमृतसर में तरुण चुघ के घर के बाहर प्रदर्शन
अमृतसर में आप कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद तरुण चुघ के घर के बाहर प्रदर्शन किया और उनके आवास का घेराव करने की कोशिश की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की थी।
आप विधायक जीवन जोत कौर ने कहा कि 1984 का नरसंहार सिख परिवारों के लिए गहरा और कभी न भरने वाला घाव है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेता ऐसे व्यक्ति की श्रद्धांजलि सभा में कैसे शामिल हो सकते हैं, जिसका नाम 1984 के नरसंहार से जुड़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दर्द और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
Sajjan Kumar Case : जालंधर में बलकार सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना
जालंधर में आप विधायक बलकार सिंह ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की दर्दनाक यादें आज भी सिख समुदाय के मन में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि दशकों से पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
बलकार सिंह ने कहा कि सज्जन कुमार की याद में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी पीड़ित परिवारों के प्रति भाजपा के रुख पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल से पंजाब के जख्मों पर राजनीति नहीं करने की अपील की और कहा कि 1984 के पीड़ित परिवारों के दर्द का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
लुधियाना में भी आप नेताओं ने किया विरोध
लुधियाना में आप नेताओं, विधायकों, पार्षदों, चेयरमैन, डायरेक्टरों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाजपा सांसदों के श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने का विरोध किया।
Ludhiana ईस्ट से विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और शहीदों की धरती है और 1984 से प्रभावित सिख परिवारों के दर्द को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी कोशिश को पंजाब के लोग स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों की मौजूदगी से पीड़ित परिवारों की भावनाएं और आहत हुई हैं।
Sajjan Kumar case : बठिंडा में भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन
बठिंडा में भी आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं का सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होना सिख समुदाय की भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
आप कार्यकर्ताओं ने मांग की कि भाजपा रामवीर बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सेहरावत के खिलाफ कार्रवाई करे।
आप पंजाब के नेताओं ने कहा कि पार्टी 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है तथा न्याय, सम्मान और जवाबदेही के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
यह भी पढ़े :- नवजात शिशुओं में Sepsis का खतरा ज़्यादा