मोहाली में फिल्म Film City, फिल्म शूटिंग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम : बलतेज पन्नू
मान सरकार का बड़ा कदम, फिल्म शूटिंग और OTT निवेश के लिए पंजाब बनेगा नया हब : बलतेज पन्नू
लाइट, कैमरा, एक्शन: नई फिल्म नीति के साथ पंजाब के सिल्वर स्क्रीन के सपने उड़ान भरने को तैयार
चंडीगढ़, 15 मार्च (The State Headlines)। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य को फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए “पंजाब फिल्म प्रमोशन नीति 2026” लागू की है। इस नीति का उद्देश्य फिल्म, वेब सीरीज़ और डॉक्यूमेंट्री निर्माण में निवेश को आकर्षित करना और राज्य को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग के लिए आकर्षक गंतव्य बनाना है। यह जानकारी मोहाली स्थित Plaksha University में आयोजित प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 के मीडिया और मनोरंजन सत्र के दौरान दी गई।
Film City : फिल्म शूटिंग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि राज्य सरकार फिल्मकारों और निवेशकों के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली लागू कर रही है, जिससे शूटिंग अनुमति प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को सरकारी प्रक्रियाओं में परेशानी नहीं होगी और सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
फिल्म निर्माण पर करोड़ों की सब्सिडी
Invest Punjab के सीईओ अमित ढाका ने बताया कि नई नीति के तहत:
- फिल्म और वेब सीरीज़ के निर्माण खर्च पर 25% पूंजीगत सब्सिडी
- प्रति प्रोजेक्ट अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक सहायता
- पंजाबी भाषा की फिल्मों के लिए 30% तक सब्सिडी
- अधिकतम 3.5 करोड़ रुपये तक प्रोत्साहन
इसके अलावा फिल्म सिटी, स्टूडियो, वीएफएक्स स्टूडियो और प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना के लिए 20% पूंजीगत सब्सिडी का प्रावधान भी किया गया है।
मोहाली में बनेगी Film City
राज्य सरकार मोहाली में आधुनिक फिल्म सिटी विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है। इससे फिल्म निर्माण से जुड़े सभी संसाधन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे और पंजाब फिल्म उद्योग के लिए बड़ा केंद्र बन सकता है।
Film City से OTT इंडस्ट्री में बढेंगी संभावनाएँ
ओटीटी प्लेटफॉर्म Chaupal के एमडी संदीप बंसल ने कहा कि आने वाले 4–5 वर्षों में पंजाब का ओटीटी बाजार 2000 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफार्मों पर लगभग 40% कंटेंट पंजाबी भाषा का है, जो राज्य की रचनात्मक ताकत को दर्शाता है।
पंजाबी संगीत उद्योग का वैश्विक प्रभाव
कार्यक्रम में Speed Records के सीईओ दिनेश औलख ने भी नई नीति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे फिल्म और संगीत उद्योग को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। आज पंजाबी संगीत उद्योग में 400 से अधिक म्यूजिक लेबल सक्रिय हैं और यह उद्योग अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूत पहचान बना चुका है।
पंजाबी संस्कृति और मीडिया की अहम भूमिका
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव रामवीर ने कहा कि पंजाबी समाज की आत्मा हमेशा उसके मीडिया के माध्यम से व्यक्त होती रही है। उन्होंने कहा कि “चढ़दी कला” की भावना ही भारतीय सिनेमा और अन्य कला क्षेत्रों में पंजाबी भाषा की मजबूत उपस्थिति का आधार है।
यह भी पढ़े :- Amit Shah कोटफत्ते से है क्या ?, जब वोह आ सकते है तो अरविंद केजरीवाल क्यो नही