पंजाब

2 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 6.63 लाख रोजगार की संभावना : Aman Arora

• •
18 Views
Investment proposals worth 2 lakh crore, potential for 6.63 lakh jobs says Aman Arora
Investment proposals worth 2 lakh crore, potential for 6.63 lakh jobs says Aman Arora

चंडीगढ़/नई दिल्ली, 27 नवंबर। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री Aman Arora ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कार्यकाल में मार्च 2022 से अब तक राज्य को करीब 2 लाख करोड़ रुपये के 10,673 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से 6,63,410 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने निवेशकों के लिए औद्योगिक क्षेत्र में किए गए व्यापक सुधारों को इसका प्रमुख कारण बताया।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ)-2026 को संबोधित करते हुए Aman Arora ने कहा कि पंजाब निवेश के लिए तेजी से पसंदीदा स्थान बन रहा है। सरकार ने निवेशकों की सुविधा के लिए फास्टट्रैक सिंगल-विंडो प्रणाली, औद्योगिक नीति-2026 के तहत रियायतें और समयबद्ध मंजूरी जैसी पहल की हैं।

उन्होंने बताया कि फास्टट्रैक पंजाब डिजिटल सिंगल-विंडो प्रणाली के माध्यम से 20 से अधिक विभागों की 300 से ज्यादा सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके तहत 45 कार्यदिवसों में मंजूरी देने का प्रावधान है। निर्धारित समय में निर्णय नहीं होने पर आवेदन को स्वतः मंजूर माना जाएगा।

पंजाब में 18.12 लाख पंजीकृत एमएसएमई : Aman Arora

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब की औद्योगिक विरासत मजबूत रही है। लुधियाना का हौजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर का खेल सामान और हैंड टूल्स, मंडी गोबिंदगढ़ का स्टील उद्योग और बटाला की फाउंड्रियां राज्य की औद्योगिक पहचान हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब में अब 18.12 लाख पंजीकृत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) हैं। टाटा स्टील, नेस्ले, पेप्सिको, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कारगिल, डैनोन, लिंडे, यानमार और सनातन टेक्सटाइल्स जैसी बड़ी कंपनियां भी राज्य में कारोबार कर रही हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार निवेशकों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदला जा सके।

भविष्य के उद्योगों पर रहेगा जोर : Aman Arora

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ऑटो कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा और एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और खेल सामान जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दे रही है।

रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में इन्वेस्ट पंजाब का एडवाइजरी फोरम छोटे उद्योगों को बड़े खरीदारों से जोड़ने, तकनीक के विकास और पंजाब से खरीद तथा निर्माण को बढ़ावा देने का काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि हुनर पंजाब पोर्टल के माध्यम से उद्योगों को करीब 1,750 शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थानों से जोड़ा गया है। इससे युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण के अवसर मिल रहे हैं।

अमन अरोड़ा ने निवेशकों को पंजाब पवेलियन का दौरा करने और इन्वेस्ट पंजाब की टीम से मिलने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार छोटे उद्यमियों से लेकर बड़े निवेशकों तक सभी के साथ खड़ी है।

पंजाब पवेलियन ने आईआईटीएफ में जीता गोल्ड मेडल

इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर-2026 में पंजाब पवेलियन ने थीमैटिक प्रस्तुति श्रेणी में गोल्ड मेडल जीता है। पंजाब स्टेट इंडस्ट्रियल एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (पीएसआईईसी) की ओर से 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किए गए पवेलियन को इसकी थीम 'विकास और विरासत' के लिए सम्मानित किया गया।

पवेलियन में पंजाब की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक औद्योगिक क्षमता और तकनीकी प्रगति के साथ प्रस्तुत किया गया था। आईटीपीओ की ज्यूरी ने इस प्रस्तुति को गोल्ड मेडल के लिए चुना।

सम्मान समारोह में पंजाब पवेलियन के प्रशासक अर्शदीप सिंह, डिप्टी प्रशासक गुरप्रीत सिंह और अमनप्रीत सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया। उद्योग मंत्री अमन अरोड़ा और प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने पीएसआईईसी की टीम तथा उद्योग विभाग को बधाई दी।

पंजाबी गायक शिवजोत ने बांधा समां

आईआईटीएफ के दौरान आयोजित सांस्कृतिक शाम में पंजाबी गायक शिवजोत सिंह ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। एम्फीथिएटर-1 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दर्शक उनके लोकप्रिय गीतों पर झूम उठे।

उनकी प्रस्तुति ने शाम को पंजाबी संगीत और संस्कृति के उत्सव में बदल दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकार का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर पीएसआईईसी के चेयरमैन दलबीर सिंह ढिल्लों, वाइस चेयरमैन जसकरन सिंह बदेशा, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक अमरबीर कौर भुल्लर और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े :-  स्कीमें जारी रखने के लिए भगवंत मान को फिर बनाएं मुख्यमंत्री : Kejriwal

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts