चंडीगढ़, 7 जून (ध्रुव)। पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ एक बार फिर लोगों के लिए राहत का माध्यम साबित हुई है। इस योजना के तहत पटियाला की उद्यमी और MasterChef India सीजन-6 की टॉप-20 प्रतियोगी रही हरमनप्रीत कौर को वर्षों पुरानी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिली है। योजना के तहत उनका राजिंदरा अस्पताल में सफल इलाज और ऑपरेशन किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों स्तरों पर बड़ी मदद मिली।
हरमनप्रीत कौर पिछले लगभग दस वर्षों से ब्रेन हैमरेज के बाद उत्पन्न जटिल स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उन्हें लगातार रक्तस्राव, टाइप-2 डायबिटीज, सोरायसिस, उच्च रक्तचाप और अन्य बीमारियों का सामना करना पड़ रहा था। बीते दो वर्षों से अत्यधिक मासिक धर्म रक्तस्राव की समस्या ने उनकी स्थिति और गंभीर बना दी थी।
30 अप्रैल 2026 को उन्हें राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 2 मई को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफल लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन किया। उपचार के दौरान ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत उनका पंजीकरण किया गया, जिससे इलाज का पूरा खर्च कैशलेस तरीके से कवर हुआ।
सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं राजिंदरा अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. प्रीत कमल सिबिया ने बताया कि मरीज को कई जटिल स्वास्थ्य समस्याएं थीं और गर्भाशय में बड़ा फाइब्रॉइड भी मौजूद था। विस्तृत जांच के बाद टोटल लैप्रोस्कोपिक हिस्टरेक्टॉमी की गई, जो पूरी तरह सफल रही और मरीज की रिकवरी भी संतोषजनक रही।
लंबे समय से बीमारी से संघर्ष कर रही थी MasterChef India हरमनप्रीत
इलाज के बाद हरमनप्रीत कौर ने पंजाब सरकार और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना ने उनके परिवार पर पड़ने वाले भारी आर्थिक बोझ को कम किया और उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाईं। उन्होंने कहा कि इस योजना ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनका विश्वास और मजबूत किया है।
उल्लेखनीय है कि हरमनप्रीत कौर ने लंबे समय तक बीमारी से संघर्ष करने के बावजूद अपने पाक-कला के जुनून को जीवित रखा और मास्टरशेफ इंडिया सीजन-6 के टॉप-20 प्रतियोगियों में स्थान बनाया। अब स्वास्थ्य लाभ के बाद वह अपने व्यवसाय और सपनों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।
पंजाब सरकार का कहना है कि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक परिवार को गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे।
यह भी पढ़े :- LPG Price Hike होने पर हरपाल चीमा का केंद्र सरकार पर हमला