पंजाब

Khedan Watan Punjab Diyan का चौथा सीजन कल

6 Views
The fourth season of Khedan Watan Punjab Diyan starts tomorrow
The fourth season of Khedan Watan Punjab Diyan starts tomorrow

बठिंडा, 4 सितंबर (ध्रुव)। आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब सरकार की खेल पहल Khedan Watan Punjab Diyan का चौथा सीजन 5 सितंबर को बठिंडा से शुरू होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शामिल होंगे। इस दौरान गुरदास मान, कुलविंदर बिल्ला समेत कई जाने-माने पंजाबी कलाकार प्रस्तुति देंगे।

बलतेज पन्नू ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बठिंडा दूसरी बार 'खेडां वतन पंजाब दियां' के लॉन्च की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार पूरे पंजाब से रिकॉर्ड संख्या में खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

14 से 70 साल से ज्यादा उम्र तक खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

पन्नू ने कहा कि 'खेडां वतन पंजाब दियां' की खासियत यह है कि इसमें अलग-अलग पीढ़ियों के लोग एक साथ हिस्सा ले सकते हैं। चौथे सीजन में 9 आयु वर्गों के तहत 14 साल से लेकर 70 साल और उससे अधिक उम्र के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

इस बार 38 खेलों में मुकाबले होंगे, जबकि 4 पैरा-स्पोर्ट्स को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। खिलाड़ियों की मांग को देखते हुए लड़कों और लड़कियों के लिए गांव स्तर पर टेनिस-बॉल क्रिकेट के प्रदर्शनी मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।

Khedan Watan Punjab Diyan : खिलाड़ियों को समय पर मिलेगी इनामी राशि

बलतेज पन्नू ने दावा किया कि प्रतियोगिता में जीतने वाले खिलाड़ियों की इनामी राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी सरकार की ओर से समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और ओलंपिक्स के लिए चुने गए खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में जाने से पहले तैयारी के लिए वित्तीय सहायता देने पर सरकार का जोर है।

3,100 से ज्यादा गांवों में स्पोर्ट्स स्टेडियम

पन्नू ने कहा कि पंजाब में 3,100 से ज्यादा गांव-स्तरीय स्पोर्ट्स स्टेडियम चालू किए जा रहे हैं। इन खेल मैदानों में फ्लडलाइट्स और खेल उपकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन मैदानों का इस्तेमाल बच्चे और युवा शाम के समय वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के लिए कर रहे हैं।

Khedan Watan Punjab Diyan : नशे के खिलाफ अभियान में खेलों पर जोर

बलतेज पन्नू ने 'खेडां वतन पंजाब दियां' को पंजाब सरकार के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान से जोड़ते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा देने का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ विकल्प उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने विलेज डिफेंस कमेटियों के जरिए आम लोगों को भी नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ने की बात कही।

85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड

पन्नू ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान और उन्हें करियर में स्थिरता देने के लिए भी सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, मई महीने में 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जबकि 11 खिलाड़ियों को PCS और DSP की नौकरी दी गई।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को आर्थिक अनिश्चितता से मुक्त कर अपने खेल करियर पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करना है।

पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी

पन्नू ने कहा कि अक्टूबर-नवंबर में मोहाली और जालंधर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी भी पंजाब करेगा। उन्होंने इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी से पंजाब की खेल पहचान और मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि 12 अगस्त से 'मशाल' पूरे पंजाब में घूम रही है, जिसे लोगों और खिलाड़ियों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इसका उद्देश्य खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस खेल अभियान से जोड़ना है।

बलतेज पन्नू ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे 'खेडां वतन पंजाब दियां' में हिस्सा लें, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और स्वस्थ एवं मजबूत पंजाब के निर्माण में योगदान दें।

यह भी पढ़े :- 85 हजार Employees का DA 42 से बढ़कर होगा 60 फीसदी

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts