पंजाब में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ का एक वर्ष पूरा, 36,178 FIR दर्ज
CM भगवंत मान बोले – नशा नेटवर्क की रीढ़ तोड़ी
चंडीगढ़, 2 मार्च 2026। पंजाब में नशों के खिलाफ चल रही ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम ने एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए इसे राज्य को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक और निर्णायक अभियान बताया।
मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने कहा कि यह अब तक ड्रग नेटवर्क के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने नशे के व्यापार को संरक्षण दिया, जिससे कई पीढ़ियां बर्बाद हुईं, जबकि वर्तमान सरकार ने सप्लाई लाइन तोड़कर बड़ी मछलियों को सलाखों के पीछे भेजा है।
युद्ध नशों विरुद्ध : 36,178 एफआईआर, 51,648 गिरफ्तारियां
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार युद्ध नशों विरुद्ध मार्च 2025 से फरवरी 2026 के बीच:
- 36,178 एफआईआर दर्ज
- 51,648 नशा तस्कर गिरफ्तार
- 2,277 किलो हेरोइन जब्त
- 49 लाख से अधिक नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद
- 16.70 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद
मुख्यमंत्री ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा दर 2025 में लगभग 88 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो मजबूत केस तैयारी और फॉरेंसिक सहयोग का प्रमाण है।
जीरो-टॉलरेंस से जन आंदोलन तक
मान ने कहा कि सरकार की जीरो-टॉलरेंस नीति को जनता के सहयोग से जन आंदोलन में बदला गया है। तस्करों की करोड़ों की संपत्तियां जब्त या ध्वस्त की गई हैं और किसी भी कीमत पर उन्हें फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि यह लड़ाई पंजाब की युवा पीढ़ी को बचाने के लिए है और इसे बिना किसी रुकावट के जारी रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के विपरीत वर्तमान सरकार नशा पीड़ितों की लाशों और चिताओं की कीमत पर तस्करों को फलने-फूलने नहीं देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ मिसाल कायम करने वाली सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
Read This Also :- पंजाब 2027 में केजरीवाल को देगा 100 सीटों का तोहफा : Bhagwant Mann