Khedan Watan Punjab Diyan: खेलां वतन पंजाब दियां का चौथा सीजन संपन्न, CM भगवंत मान ने विजेता टीम को सौंपी ट्रॉफी
चंडीगढ़/होशियारपुर, 29 नवंबर:
पंजाब में खेलों को जन आंदोलन बनाने की दिशा में आयोजित ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ का चौथा सीजन रविवार को शानदार समारोह के साथ संपन्न हो गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की और खिलाड़ियों को राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस सीजन में 7 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये खेल केवल प्रतियोगिताओं और पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभा को सामने लाने तथा युवाओं को नशों से दूर रखने का बड़ा माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार सीजन के दौरान खिलाड़ियों को कुल 38.01 करोड़ रुपये की इनामी राशि वितरित की जा चुकी है। इस सीजन में 7 लाख से अधिक खिलाड़ियों के लिए 12.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। उन्होंने बताया कि खेलों का उद्घाटन 5 सितंबर को बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में किया गया था।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहले सीजन में करीब 3.50 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और 6.88 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए गए थे। दूसरे सीजन में 4 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और 8.87 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई। तीसरे सीजन में करीब 4.35 लाख खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें से 14,500 खिलाड़ियों ने पदक जीते और 9.76 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में बाढ़ के कारण ये खेल आयोजित नहीं किए जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों की सबसे खास बात यह है कि एक ही मैदान पर तीन पीढ़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। दादा, बेटा और पोता एक साथ खेलों में शामिल हुए, जो खेलों की एकजुटता और सामाजिक महत्व को दर्शाता है। इस बार 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कुल 38 खेलों में मुकाबले करवाए गए।