पंजाब

Bangla Sahib में दिल्ली पुलिस की एंट्री पर आप का विरोध

• •
10 Views
AAP protests Delhi Police entry into Bangla Sahib
AAP protests Delhi Police entry into Bangla Sahib

Bangla Sahib : जत्थेदार से अमित शाह को तलब करने की मांग

चंडीगढ़/अमृतसर, 12 अक्टूबर। गुरुद्वारा श्री Bangla Sahib में 10 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस के प्रवेश को लेकर पंजाब में सियासी विवाद तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात कर इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के जवान जूते पहनकर और सिर ढके बिना गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए, जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची।

आप विधायकों ने जत्थेदार को ज्ञापन सौंपते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को तलब करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा का सम्मान होना चाहिए और इस मामले में ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।

बैठक के बाद विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और कुलदीप सिंह धालीवाल ने घटना पर नाराजगी जताई। निज्जर ने कहा कि गुरुद्वारे शरण, शांति और लंगर के लिए आने वाले लोगों के लिए पवित्र स्थान हैं। उनके मुताबिक, जिन विद्यार्थियों का पुलिस पीछा कर रही थी, वे गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए थे, लेकिन इससे पुलिसकर्मियों को धार्मिक मर्यादा की अनदेखी करने का अधिकार नहीं मिल जाता।

ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र, अकाली नेतृत्व से भी सवाल

आप विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने 10 अक्टूबर की घटना को सिख संगत के लिए काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय वर्ष 1984 में धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों की यादें नहीं भूला है और बंगला साहिब की घटना को भी याद रखेगा। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए।

ग्यासपुरा ने दावा किया कि हरसिमरत कौर बादल की ओर से घटना की निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट बाद में हटा दी गई। उन्होंने जत्थेदार से अमित शाह को तलब कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आप विधायक जीवन ज्योत कौर ने कहा कि इस घटना से सिख समुदाय की पुरानी पीड़ाएं फिर ताजा हुई हैं। उन्होंने भाजपा पर सिख और पंजाब विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने की मांग की।

वहीं, विधायक प्रोफेसर बलजिंदर कौर ने कहा कि घटना के वीडियो में पुलिसकर्मियों के जूते पहने और सिर ढके बिना परिसर में प्रवेश करने की बात दिखाई देती है। उन्होंने सराय से लोगों को बाहर निकालने के मामले पर भी सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग दोहराई।

प्रतिनिधिमंडल में विधायक जसवीर सिंह गिल, करमवीर सिंह घुम्मण, सरवन सिंह धुन, गुरदीप सिंह रंधावा, दलबीर सिंह टोंग, मनजिंदर सिंह लालपुरा और कुलवंत सिंह पंडोरी सहित अन्य आप नेता शामिल थे।

यह भी पढ़े :- पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 सफलतापूर्वक पूर्ण : CEO अनिंदिता मित्रा

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts