चंडीगढ़, 25 नवंबर। आम आदमी पार्टी (AAP) 26 नवंबर को मोगा में होने वाली ‘पंजाब खुशहाल रैली’ के जरिए 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने अभियान की शुरुआत करेगी। AAP पार्टी इस रैली में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लोगों के सामने रखेगी। आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने बुधवार को कहा कि मोगा की रैली पंजाब की राजनीति में नया अध्याय लिखेगी और आने वाले चुनावों की दिशा तय करेगी।
बलतेज पन्नू ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पूरी कैबिनेट और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप रैली में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग मोगा पहुंचेंगे। यह रैली पार्टी के 15वें स्थापना दिवस समारोह का भी हिस्सा होगी।
AAP : 78 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी
बलतेज पन्नू ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक से ही रोजगार को प्राथमिकता दी। उनके मुताबिक, अब तक 78,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां युवाओं को मेरिट के आधार पर दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि इन भर्तियों में सिफारिश, भाई-भतीजावाद और रिश्वत के लिए कोई जगह नहीं रखी गई।
90 प्रतिशत घरों में जीरो बिजली बिल
मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि जुलाई 2022 से हर बिल चक्र में घरेलू उपभोक्ताओं को 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की व्यवस्था शुरू की गई। उन्होंने दावा किया कि आज पंजाब के करीब 90 प्रतिशत घरों में बिजली का बिल जीरो आ रहा है। इससे आम परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।
AAP Govt : नहरी सिंचाई का दायरा 88 प्रतिशत तक पहुंचा
बलतेज पन्नू ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार सत्ता में आई थी, तब केवल 22 से 23 प्रतिशत खेतों तक नहरी पानी पहुंच रहा था। सरकार के प्रयासों से यह आंकड़ा अब लगभग 88 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में भूजल का गिरता स्तर गंभीर चिंता का विषय है। नहरी पानी की उपलब्धता बढ़ाने से किसानों को राहत मिली है और धान के मौसम में सिंचाई के लिए पानी का बेहतर प्रबंध हुआ है। उनके मुताबिक, नहरी पानी के बेहतर इस्तेमाल से बाढ़ के मौसम में भी पानी के प्रबंधन में मदद मिली।
टोल प्लाजा बंद होने से रोजाना 64 लाख रुपये की बचत का दावा
पन्नू ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले लोगों से किए वादों को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि पंजाब में 18 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे लोगों को रोजाना करीब 64 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने इसे आम लोगों पर आर्थिक बोझ कम करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
AAP Govt : सड़क हादसों में मौतें 48 प्रतिशत कम होने का दावा
रोड सेफ्टी फोर्स (एसएसएफ) के कामकाज का जिक्र करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है जिसने सड़क सुरक्षा के लिए ऐसी विशेष फोर्स बनाई है। उन्होंने संसदीय आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पंजाब में सड़क हादसों वाली जगहों पर होने वाली मौतों में 48 प्रतिशत कमी आई है।
उन्होंने कहा कि यह फोर्स हादसों में घायल लोगों की मदद करने के साथ-साथ उनके कीमती सामान की सुरक्षा भी कर रही है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार
बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, राज्य शिक्षा रैंकिंग में केरल को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंचा है और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब बड़ी संख्या में नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी अस्पतालों को मजबूत करने और पूरे पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने पर भी काम किया है। इससे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
26 नवंबर को होने वाली पंजाब खुशहाल रैली मोगा-लुधियाना रोड पर सुबह 11 बजे शुरू होगी। बलतेज पन्नू ने बताया कि रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लंगर, पीने के पानी और शौचालयों के इंतजाम भी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस और सुरक्षा कर्मी रैली को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी प्रबंध कर रहे हैं।
बलतेज पन्नू ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मोगा पहुंचकर पंजाब खुशहाल रैली में हिस्सा लें और आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनें।
यह भी पढ़े :- Bhagwant Mann ने अकाली-भाजपा गठबंधन को बताया ठग जोड़