मुफ्त शराब मांगने के आरोप पर सुखबीर बादल से जवाब मांगे अकाली दल : Baltej Pannu
चंडीगढ़, 20 नवंबर (Punjab Media Team)। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज Baltej Pannu ने शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर तीखा हमला करते हुए उसके पंथक पार्टी होने के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि इसमें सुखबीर सिंह बादल एक कारोबारी से पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों के लिए मुफ्त शराब मांगते सुनाई दे रहे हैं। Baltej Pannu के मुताबिक, कारोबारी वीडियो में दावा करता है कि वह वर्ष 2002 से अकाली दल को शराब सप्लाई कर रहा है। उन्होंने सुखबीर बादल से इस मामले में सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में Baltej Pannu ने कहा कि 2007 से 2017 तक पंजाब पर शासन करने वाले अकाली दल के नेता आज पंजाब और पंथ के रक्षक होने का दावा कर रहे हैं, जबकि उनके शासनकाल में रेत, ट्रांसपोर्ट, केबल और शराब कारोबार से जुड़े माफिया फले-फूले। उन्होंने आरोप लगाया कि अकालियों ने इस व्यवस्था का नेतृत्व किया और भाजपा ने इसमें हिस्सेदारी निभाई।
पन्नू ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के दौरान सरकारी परिवहन व्यवस्था को कमजोर किया गया। सरकारी बसों के स्पेयर पार्ट्स तक नहीं खरीदे जाते थे और पीआरटीसी तथा पंजाब रोडवेज की वर्कशॉप में खराब बसें खड़ी रहती थीं, जबकि निजी बस ऑपरेटरों का कारोबार बढ़ता रहा। उन्होंने केबल कारोबार पर एकाधिकार और शराब कारोबार में लाइसेंस व्यवस्था के दुरुपयोग के भी आरोप लगाए।
ड्रग तस्करों की सूची पहले अपने करीबियों से बनाएं अकाली : Baltej Pannu
हरसिमरत कौर बादल की महिलाओं से नशा तस्करों की पहचान करने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए पन्नू ने कहा कि अकाली नेतृत्व को पहले अपने राजनीतिक दायरे में सामने आए नशा तस्करी से जुड़े विवादों और नामों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली सरकार के दस साल के शासन में नशे की समस्या ने पंजाब की युवा पीढ़ी को भारी नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने 2021 में बादल गांव में नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बरामदगी का भी जिक्र किया और इस मामले में राजनीतिक संरक्षण के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अकाली नेतृत्व को इन सभी सवालों के जवाब देने चाहिए।
2015 की बेअदबी की घटनाओं पर भी घेरा
बलतेज पन्नू ने 2015 की बेअदबी की घटनाओं और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही सिख संगत पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अकाली दल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय न्याय की मांग कर रहे श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और गोलीबारी की गई। ऐसे इतिहास के बावजूद अकाली दल बार-बार खुद को पंथ का रक्षक बताने की कोशिश कर रहा है।
पन्नू ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल को कारोबारी से कथित मुफ्त शराब की मांग वाले वीडियो पर जवाब देना चाहिए। पंजाब के लोग जानना चाहते हैं कि आखिर यह सौदेबाजी किस उद्देश्य से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि अकाली दल को राजनीतिक अभियान चलाने के बजाय अपने शासनकाल, नशे के मुद्दे और शराब कारोबारियों से कथित संबंधों पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
यह भी पढ़े :- पंजाब में जल्द होगी मास्टर कैडर शिक्षकों की भर्ती : Harjot Bains