सबसे बड़ा Sewerage Cleaning Drive शुरू, 1400 हॉटस्पॉट होंगे साफ
जलभराव की समस्या से निपटने की तैयारी
चंडीगढ़, 3 जून (ध्रुव)। मानसून के दौरान सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य का अब तक का सबसे बड़ा Sewerage Cleaning Drive शुरू किया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अभियान की शुरुआत करते हुए बताया कि मानसून से पहले पंजाब के सभी शहरों और कस्बों में 2200 किलोमीटर सीवरेज लाइनों तथा 1400 हॉटस्पॉटों की सफाई की जाएगी।
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इस विशेष Sewerage Cleaning Drive के तहत 800 किलोमीटर मुख्य ट्रंक लाइनों और 1400 किलोमीटर शाखा सीवर लाइनों की सफाई की जाएगी। विभाग ने राज्यभर में 1400 ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां हर साल बारिश के दौरान सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या सामने आती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का स्पष्ट निर्देश है कि इस बार पंजाब के किसी भी शहर या कस्बे में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसी लक्ष्य को लेकर विभाग मिशन मोड में काम कर रहा है।
पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर Sewerage Cleaning Drive
मंत्री ने बताया कि जालंधर में 108 किलोमीटर, पटियाला में 93 किलोमीटर, लुधियाना में 40 किलोमीटर, बठिंडा में 55 किलोमीटर, मोहाली में 36 किलोमीटर, जीरकपुर में 14 किलोमीटर, खरड़ में 11 किलोमीटर, धूरी में 7 किलोमीटर, कोटकपूरा में 21 किलोमीटर तथा नंगल में 7 किलोमीटर सीवर लाइनों की सफाई की जाएगी। कई शहरों में पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर सीवरेज सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय निकाय विभाग और सीवरेज बोर्ड के जूनियर इंजीनियरों तथा अन्य कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही सुपर-सक्शन मशीनें और उच्च क्षमता वाले जेटिंग उपकरण भी तैनात किए गए हैं। अभियान की निगरानी के लिए डिजिटल डैशबोर्ड और कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि हाल ही में लुधियाना के भट्टियां क्षेत्र में सफाई के दौरान एक ऐसी सीवर लाइन मिली जो मकान निर्माण के दौरान कंक्रीट से बंद कर दी गई थी और पिछले छह वर्षों से ठप पड़ी थी। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि वह स्वयं इस अभियान की निगरानी करेंगे और अधिकारियों को भी फील्ड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विधायकों और नगर निकाय प्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है ताकि मानसून के दौरान जलभराव, सीवरेज ओवरफ्लो और डेंगू जैसी समस्याओं को पूरी तरह रोका जा सके।
यह भी पढ़े :- पंजाब सरकार ने Mukh Mantri Sehat Yojana का दायरा बढ़ाया