पंजाब

Pathankot में केजरीवाल के बड़े ऐलान, तीर्थ यात्रा योजना में जुड़े 3 नए रूट

4 Views
kejriwal-major-announcements-in-pathankot
kejriwal-major-announcements-in-pathankot

Pathankot में ऐलान, 1 अगस्त को महिलाओं को मिलेगी बाकी राशि

Pathankot, 18 जुलाई, (ध्रुव)।  आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को Pathankot में आयोजित 'एक शाम भगवान शिव के नाम' भजन संध्या में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कई बड़े ऐलान किए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, धार्मिक स्थलों, तीर्थ यात्राओं और पंजाब के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की गई।

केजरीवाल ने कहा कि मावां-धियां सत्कार योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये की राशि पहुंच चुकी है। जिन महिलाओं का पंजीकरण पूरा हो चुका है लेकिन भुगतान अभी तक नहीं मिला है, उन्हें 1 अगस्त को सीधे बैंक खाते में राशि भेज दी जाएगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की ईमानदार छवि का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार पर एक रुपये के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा। बचाया गया सरकारी धन जनता के हित में खर्च किया जा रहा है, जिसके चलते मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य बीमा, तीर्थ यात्रा और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का हुआ विस्तार

केजरीवाल ने घोषणा की कि 1 अगस्त से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में तीन नए रूट जोड़े जाएंगे। अब श्रद्धालु खाटू श्याम जी-सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की यात्रा भी सरकार की योजना के तहत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि करीब 1.5 लाख श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

Pathankot : धार्मिक विरासत को मिलेगा नया स्वरूप

उन्होंने बताया कि पटियाला स्थित ऐतिहासिक काली माता मंदिर का करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास अंतिम चरण में है। इसके अलावा अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर परिसर में सीता माता और लव-कुश मंदिर का भी निर्माण कराया जाएगा।

पंजाब में पहली बार 22 शहरों में शिव भजन संध्या

केजरीवाल ने कहा कि पहली बार पंजाब के 22 शहरों में सरकार की ओर से 'एक शाम भगवान शिव के नाम' कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे सनातन परंपराओं और धार्मिक विरासत के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

नफरत का बीज पंजाब में कभी नहीं उग सकता: भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब की धरती पर हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब की पहचान भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव और साझा संस्कृति से है। यहां रामनवमी, गुरुपर्व, ईद, हनुमान जयंती और शहीदी दिवस सभी मिलकर मनाए जाते हैं।

Pathankot : जनता का पैसा जनता के लिए खर्च हो रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें हमेशा खजाना खाली होने की बात करती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची पर रोक लगाकर जनता का पैसा जनता के कल्याण में लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 68 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और महिलाओं को सम्मान राशि दी जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि आज पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत घरों में बिजली का बिल शून्य आ रहा है।

रंगला पंजाब बनाने का आह्वान

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से पंजाब को फिर से 'रंगला पंजाब' बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब को कैलिफोर्निया, लंदन या पेरिस बनाने की जरूरत नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और पहचान के अनुरूप समृद्ध, खुशहाल और विकसित पंजाब बनाना लक्ष्य है।

यह भी पढ़े :-  PM Modi ने पंजाब का बकाया फंड नहीं दिया, सिर्फ राजनीति की : हरपाल चीमा

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts