युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा : Kultar Sandhwan
चंडीगढ़, 13 जून (ध्रुव)। पंजाब विधानसभा के स्पीकर Kultar Sandhwan ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार नशों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर पूरी दृढ़ता के साथ काम कर रही है और राज्य में चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत अब तक 67,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Kultar Sandhwan ने कहा कि सरकार द्वारा नशों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के चलते कई बड़े नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं, जिससे हजारों युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सका है।
उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ इस लड़ाई में केवल सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
संयुक्त प्रयासों से ही पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सकता
स्पीकर ने कहा कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग इस मुहिम की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और यदि लोग जागरूक होकर प्रशासन का साथ दें तो नशों की समस्या पर निर्णायक प्रहार किया जा सकता है।
पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कुलतार सिंह संधवां ने माता-पिता से अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के वर्षों में अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। यदि माता-पिता अपने बच्चों के व्यवहार, मित्र मंडली और दैनिक गतिविधियों पर ध्यान दें तथा उनके साथ संवाद बनाए रखें, तो उन्हें गलत रास्ते पर जाने से रोका जा सकता है।
युवाओं को संबोधित करते हुए स्पीकर ने कहा कि वे नशों से दूर रहकर खेलों, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासित और सकारात्मक सोच वाला नागरिक भी बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल नशा तस्करों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना भी है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रम, खेल गतिविधियां और नशामुक्ति अभियानों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्पीकर संधवां ने अंत में कहा कि पंजाब के युवाओं को नशों की दलदल से बचाना पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है और सरकार इस दिशा में हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी, सख्त कार्रवाई और सामाजिक जागरूकता के संयुक्त प्रयासों से पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य अवश्य हासिल किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- Bathinda में गैंगस्टर नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा