Paddy Season से पहले पीएसपीसीएल की पूरी तैयारी : तरुनप्रीत सौंद
चंडीगढ़, 25 मई (ध्रुव)। पंजाब में आगामी Paddy Season को देखते हुए राज्य सरकार ने किसानों के लिए बिजली आपूर्ति संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों को धान रोपाई के दौरान प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक निर्विघ्न बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने इसके लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
मंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा जारी धान सीजन शेड्यूल के अनुसार 1 जून से गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर जिलों में 8 घंटे बिजली सप्लाई शुरू की जाएगी। वहीं 5 जून से फरीदकोट, बठिंडा, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों में यह व्यवस्था लागू होगी। इसके अलावा 9 जून से लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, कपूरथला, जालंधर और एसबीएस नगर जिलों के किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी।
तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पंजाब सरकार के लिए कृषि क्षेत्र सर्वोच्च प्राथमिकता में है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक कृषि मोटर कनेक्शन को तय समय के अनुसार बिजली उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे धान की रोपाई बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
धान सीजन के दौरान बिजली वितरण प्रणाली की 24 घंटे निगरानी
बिजली मंत्री के अनुसार, धान सीजन के दौरान बिजली वितरण प्रणाली की 24 घंटे निगरानी के लिए पूरे पंजाब में पीएसपीसीएल के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने, बिजली लाइनों में तकनीकी दिक्कत या अन्य समस्याओं के समाधान के लिए फील्ड अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम और शिकायत निवारण तंत्र को और मजबूत किया गया है। साथ ही पीएसपीसीएल द्वारा ट्रांसमिशन लाइनों, ट्रांसफार्मरों और बिजली ढांचे के रखरखाव का कार्य भी पहले ही पूरा कर लिया गया है ताकि धान सीजन के दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।
मंत्री ने किसानों से बिजली का समझदारी से उपयोग करने और निर्धारित शेड्यूल का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार किसानों के हितों की रक्षा और धान सीजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
यह भी पढ़े :- 87 खिलाड़ियों को Maharaja Ranjit Singh Award, 1070 खिलाड़ियों सन्मान