पंजाब

Punjab Cleanliness Drive 2.0 अब 12 सितंबर तक

13 Views
Punjab Cleanliness Drive 2.0 now extended until September 12
Punjab Cleanliness Drive 2.0 now extended until September 12

Punjab Cleanliness Drive 2.0 : 5407 शिकायतों का निपटारा

चंडीगढ़, 8 सितंबर (ध्रुव)। पंजाब सरकार ने राज्य स्तरीय Punjab Cleanliness Drive 2.0 को 12 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि अभियान के दौरान ‘एम-सेवा’ ऐप के जरिए प्राप्त 6459 नागरिक शिकायतों में से 5407 का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि यह कुल शिकायतों का 83 प्रतिशत से अधिक है।

यह अभियान 29 अगस्त को शुरू हुआ था और राज्य के सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों को इसके दायरे में शामिल किया गया। इनमें 14 नगर निगम तथा 152 नगर परिषद और नगर पंचायतें शामिल हैं।

12 सितंबर से चार मेगा शनिवार सफाई अभियान

हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि नागरिक भागीदारी को लगातार बढ़ाने के लिए 12 सितंबर से अगले चार शनिवार को ‘मेगा सफाई अभियान’ चलाया जाएगा। इसमें गैर-सरकारी संगठनों, मार्केट एसोसिएशनों, युवा क्लबों, धार्मिक संगठनों और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों को भी जोड़ा जाएगा।

मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे शनिवार को दो से तीन घंटे निकालकर पार्कों, बाजारों और अपने आसपास के इलाकों की सफाई में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्थायी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

Punjab Cleanliness Drive 2.0 : सभी शहरों में घर-घर कूड़ा कलेक्शन शुरू

बैंस ने कहा कि स्थानीय निकाय विभाग ने कूड़े के बड़े ढेर यानी गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVP) पर दोबारा कूड़ा जमा होने से रोकने के लिए सभी शहरों में घर-घर कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था शुरू की है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि कलेक्शन वैन के पहुंचने तक कूड़ा घर में ही संभालकर रखें और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। मंत्री ने चेतावनी दी कि जागरूकता चरण के बाद सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त जुर्माना लगाया जाएगा।

सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना

स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि उन्होंने पिछले 10 दिनों के दौरान कुराली, खरड़ और नंगल सहित कई कस्बों का दौरा किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों, विधायकों, उपायुक्तों, नगर निगम आयुक्तों और पार्षदों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद स्थायी रूप से हटाए गए कूड़े के बड़े ढेरों की तस्वीरों के साथ विस्तृत डेटा विश्लेषण भी प्रस्तुत किया जाएगा। बैंस ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मौजूदा कूड़े का निपटारा करना नहीं, बल्कि पंजाब के शहरी क्षेत्रों में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था तैयार करना है।

यह भी पढ़े :- Khedan Watan Punjab Diyan के चौथे सीजन का आगाज

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts