पंजाब

Punjab Police ने गैंगस्टर गुरविंदर अफरीदी को इथियोपिया से भारत डिपोर्ट करवाया

• •
3 Views
Punjab Police got gangster Gurwinder deported from Ethiopia to India
Punjab Police got gangster Gurwinder deported from Ethiopia to India

Punjab Police : 10 महीने तक चला अंतरराष्ट्रीय अभियान सफल

चंडीगढ़, 8 नवंबर। Punjab Police ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भगोड़े गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से यह कार्रवाई की।

Punjab Police महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी डोनी बल्ल-प्रभ दासूवाल गैंग का मुख्य सरगना है। उसके बारे में सूचना देने वाले को पंजाब सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी विदेश में बैठकर पंजाब में लक्षित हत्याओं, फिरौती के लिए गोलीबारी और संगठित आपराधिक नेटवर्क चलाने जैसी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। वह हत्या के पांच मामलों समेत 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था।

Punjab Police मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि किसी अफ्रीकी देश से भगोड़े अपराधी को भारत वापस लाने की यह पंजाब पुलिस की पहली कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन शाहिद’ के तहत करीब 10 महीने तक बहु-महाद्वीपीय स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के विभिन्न देशों में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया गया।

छिपने के बाद उसने इस्तांबुल के रास्ते मैक्सिको भागने का प्रयास किया

डीजीपी ने बताया कि आरोपी 31 मार्च 2025 को मुंबई हवाई अड्डे से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) फरार हो गया था। विदेश भागने के लिए उसने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से 12 फरवरी 2025 को गोरखपुर के एक निवासी के विवरण के आधार पर बनवाए गए फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था।

यूएई में छिपने के बाद उसने इस्तांबुल के रास्ते मैक्सिको भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे वापस यूएई भेज दिया गया। इसके बाद वह अप्रैल 2026 में केन्या, जून 2026 में अंगोला और नवंबर 2026 में इथियोपिया पहुंच गया।

Punjab Police ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया

डीजीपी के अनुसार पंजाब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। इसके अलावा उसकी फर्जी पहचान और गतिविधियों को लेकर केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार सूचनाएं साझा की गईं। उसके खिलाफ इंटरपोल के सात संदर्भ भी जारी करवाए गए थे। लगातार निगरानी और एजेंसियों के समन्वय के परिणामस्वरूप उसे 6 नवंबर 2026 को इथियोपिया में हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस की टीम ने उसे नई दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब लाया जा रहा है।

डीजीपी ने बताया कि ‘ऑपरेशन शाहिद’ काउंटर इंटेलिजेंस विंग के आईजीपी एवं ओएफटीईसी प्रमुख आशीष चौधरी की निगरानी में चलाया गया। अभियान में अंतरराष्ट्रीय समन्वय और अनुवर्ती कार्रवाई का नेतृत्व उन्होंने किया, जबकि एजीटीएफ/ओएफटीईसी ऑपरेशंस की कमान एसपी विक्रमजीत सिंह बराड़ के पास थी।

इस मौके पर डीजीपी गौरव यादव ने एजीटीएफ और ओएफटीईसी की टीमों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस कार्रवाई में सहयोग देने के लिए विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केंद्रीय खुफिया एवं जांच एजेंसियों का भी धन्यवाद किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पेशल डीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान और स्पेशल डीजीपी काउंटर इंटेलिजेंस अमित प्रसाद भी मौजूद थे।

पंजाब में पांच हत्याओं के मामलों में था वांछित

पुलिस के अनुसार गुरविंदर अफरीदी पंजाब में पांच सनसनीखेज हत्याओं के मामलों में वांछित था। इनमें अक्टूबर 2024 में सरपंच राजविंदर सिंह उर्फ राज तलवंडी की हत्या, मार्च 2025 में 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह की हत्या, मार्च 2025 में विक्की चुघ की हत्या, मई 2025 में जसवंत सिंह की हत्या और सितंबर 2025 में कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान गुरमेल सिंह की हत्या के मामले शामिल हैं।

डीजीपी के मुताबिक, ‘ऑपरेशन शाहिद’ के तहत की गई यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार अपराधियों की पहचान, निगरानी और उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए पंजाब पुलिस के प्रयासों का हिस्सा है।

यह भी पढ़े :-  आप अपने विकास कार्यों के दम पर जनता के बीच जाएगी : Baltej Pannu

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts