Punjab Women : पंजाब की 37.43 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 1,291 करोड़
Punjab Women को 1 जनवरी को फिर मिलेगी सम्मान राशि
अबोहर, 1 नवंबर। पंजाब की महिलाओं (Punjab Women) के मोबाइल फोन पर एक बार फिर बैंक खाते में पैसे आने का संदेश गूंजा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को अबोहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत प्रदेश की 37.43 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1,291 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस योजना के तहत अब तक कुल 3,934.80 करोड़ रुपये महिलाओं को दिए जा चुके हैं।
भगवंत मान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब की एक करोड़ महिलाओं को इस योजना के दायरे में लाना है। 29 अक्टूबर 2026 तक 80.05 लाख महिलाओं का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है। उन्होंने घोषणा की कि नए साल के तोहफे के रूप में 1 जनवरी को सभी रजिस्टर्ड पात्र महिलाओं के खातों में सम्मान राशि डाली जाएगी। इसके तहत पात्र महिलाओं को तीन महीने की सहायता राशि एक साथ मिलेगी। अगली किस्त 1 दिसंबर को जारी करने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना में परिवार के आधार पर कोई बंदिश नहीं रखी गई है। यदि एक परिवार में तीन पात्र महिलाएं हैं तो तीनों को अलग-अलग लाभ मिलेगा। उनके अनुसार यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके आत्मसम्मान को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। योजना के लिए सालाना 12 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान बताया गया है।
सहयोग करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 25 करोड़ रुपये के लाभ
मान ने बताया कि योजना के पंजीकरण में 1,37,723 सत्कार सखियां काम कर रही हैं। इनके योगदान के लिए 51.30 करोड़ रुपये मानदेय दिया जाएगा, जबकि पंजीकरण में सहयोग करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 25 करोड़ रुपये के लाभ दिए जाएंगे।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल और कांग्रेस के नेताओं के परिवारों की महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले रही हैं, लेकिन उनके नेता फिर भी इसकी आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बिना राजनीतिक भेदभाव के पात्र महिलाओं तक सहायता पहुंचा रही है।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 54 लाख स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं, 90 प्रतिशत घरों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है और 70,685 सरकारी नौकरियां योग्यता के आधार पर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और नहरों पर खर्च किया जा रहा पैसा जनता का ही पैसा है, जिसे विकास और जनकल्याण के माध्यम से लोगों को वापस दिया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- 40 उम्मीदवारों को टिकट, धुरी से फिर चुनाव लड़ेंगे Bhagwant Mann