Swachh Survekshan 2025-26 : श्री आनंदपुर साहिब बना पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर
हरजोत सिंह बैंस ने किया ऐलान, श्री अमृतसर साहिब और श्री तलवंडी साबो को भी आदर्श स्वच्छ शहरों के रूप में विकसित करेगी सरकार
चंडीगढ़, 12 नवंबर। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत की विरासत से जुड़ी पवित्र नगरी श्री आनंदपुर साहिब ने स्वच्छता के क्षेत्र में पंजाब में पहला स्थान हासिल किया है। Swachh Survekshan 2025-26 में शहर को पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के बाद भगवंत मान सरकार ने श्री आनंदपुर साहिब के स्वच्छता मॉडल को पूरे पंजाब में लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और श्री तलवंडी साबो को विशेष रूप से स्वच्छता के आदर्श शहरों के रूप में विकसित किया जाएगा।
पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बुधवार को पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस से संबंधित आयोजनों के दौरान किए गए स्वच्छता प्रबंधों ने एक नई मिसाल कायम की है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु पवित्र नगरी पहुंचे और उन्होंने शहर की साफ-सुथरी सड़कों, व्यवस्थित सफाई व्यवस्था और बेहतर प्रबंधों को देखा।
बैंस ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व, नगर परिषद के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि धार्मिक स्थलों की गरिमा, श्रद्धा और सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है।
Swachh Survekshan : पंजाब में 1,300 से अधिक कूड़ा डंपिंग स्थल साफ
स्थानीय निकाय मंत्री ने बताया कि मिशन क्लीन पंजाब के तहत राज्यभर में ऐसे 2,000 से अधिक स्थानों की पहचान की गई थी, जहां लंबे समय से कूड़े के ढेर जमा थे। इनमें से 1,300 से अधिक स्थानों को पूरी तरह साफ किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, हरित और रहने योग्य बनाना है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब के सभी प्रमुख शहरों में आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा किया जा सके। श्री आनंदपुर साहिब में अपनाई गई व्यवस्था को दूसरे शहरों में भी लागू किया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर 20,520 रुपये किया
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने शहरों को साफ रखने वाले सफाई कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी है। सरकार ने पांच वर्ष की सेवा पूरी कर चुके ठेका आधारित कर्मचारियों को नियमित किया है।
उन्होंने बताया कि ठेका आधारित सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर 20,520 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को सीधे ठेका व्यवस्था के अधीन लाया गया है। कर्मचारियों को नियमित करने और नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए पहला समारोह नंगल में आयोजित किया गया था।
बैंस ने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब में 350वें शहीदी दिवस के आयोजनों के दौरान कड़ाके की ठंड के बावजूद सफाई कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। उनकी मेहनत के कारण ही शहर में लाखों श्रद्धालुओं की आमद के बावजूद सफाई व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।
Swachh Survekshan : अमृतसर में जीपीएस से होगी सफाई व्यवस्था की निगरानी
स्थानीय निकाय मंत्री ने बताया कि अमृतसर में आधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने और सफाई व्यवस्था की वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है। जीपीएस तकनीक के जरिए गलियों और घरों की मैपिंग की गई है।
उन्होंने कहा कि अब विभाग यह भी पता लगा सकता है कि कौन-सा सफाई कर्मचारी किस गली में पहुंचा और किस घर से किस समय कूड़ा एकत्र किया गया। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलेगी।
श्री दरबार साहिब और वाघा बॉर्डर पर विशेष ध्यान
बैंस ने कहा कि सरकार श्री अमृतसर साहिब को भी स्वच्छता के आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। इसके तहत श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर और वाघा बॉर्डर के आसपास सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और श्री तलवंडी साबो पंजाब की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन पवित्र नगरियों में स्वच्छता के उच्च मानक स्थापित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
हरजोत सिंह बैंस ने सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री आनंदपुर साहिब को मिली यह पहचान किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार इसी मॉडल के आधार पर पंजाब के अन्य शहरों में भी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी।
यह भी पढ़े :- Arvind Kejriwal को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की फिरौती मांगी