पंजाब

SIR 2027 : पंजाब में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित : अनिंदिता मित्रा

• •
14 Views
SIR 2027 - Draft electoral roll published in Punjab says Anindita Mitra
SIR 2027 - Draft electoral roll published in Punjab says Anindita Mitra

विशेष गहन पुनरीक्षण-2027 के तहत सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

चंडीगढ़, 12 नवंबर। पंजाब में आगामी चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR 2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, हटवाने और विवरणों में संशोधन के लिए दावे तथा आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां जमा करवा सकते हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि पंजाब की अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्हें सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी गईं। इसके साथ ही पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न चरणों, निर्धारित समय-सीमा और मतदाता पंजीकरण से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई।

SIR 2027 : नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए अलग-अलग फॉर्म

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए निर्धारित है। वहीं, मतदाता सूची से किसी नाम को हटवाने के लिए फॉर्म-7 और व्यक्तिगत विवरणों में संशोधन अथवा निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे युवा नागरिक, जो 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के पात्र हैं। पात्र युवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं।

ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता सूची

अनिंदिता मित्रा ने बताया कि नागरिक अपनी प्रारूप मतदाता सूची में नाम और अन्य विवरणों की जांच मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in और भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर कर सकते हैं।

इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए राज्यभर में विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जहां उन्हें मतदाता सूची से संबंधित सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

1950 हेल्पलाइन से मिलेगी जानकारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से बीएलओ के साथ कॉल बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांचें। यदि किसी प्रकार की गलती या कमी सामने आती है तो 11 दिसंबर तक निर्धारित फॉर्म के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में उसका नाम दर्ज होना जरूरी है।

यह भी पढ़े :- Chhath Puja के लिए पंजाब में 104 स्थानों पर होंगे विशेष प्रबंध

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts