Arvind Kejriwal को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की फिरौती मांगी
हरपाल चीमा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
चंडीगढ़, 12 नवंबर। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal को जान से मारने की धमकी मिलने और 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शुरुआती जांच में धमकी देने वाले आरोपी के भाजपा से सीधे या अप्रत्यक्ष संबंध होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को खराब कर राज्य में डर और असुरक्षा का वातावरण पैदा करना चाहती है।
चीमा ने कहा कि धमकी देने वाला व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है और पंजाब पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसी भी व्यक्ति या संगठन को पंजाब की शांति और कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं देगी। इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आप के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है और यहां के लोग आतंक फैलाने तथा सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिशों को स्वीकार नहीं करेंगे। किसी भी राजनीतिक नेता को जान से मारने की धमकी देना और फिरौती मांगकर भय का माहौल पैदा करना गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के किसानों, युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बाद अब राज्य के शांतिपूर्ण माहौल को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है। चीमा ने दोहराया कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Arvind Kejriwal : हरियाणा के आरोपी के खिलाफ मोहाली में एफआईआर
आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी Arvind Kejriwal को मिली धमकी की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि धमकी देने के साथ-साथ गैंगस्टर की ओर से 7 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग भी की गई है।
धालीवाल के अनुसार, पंजाब पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है और इस मामले में मोहाली में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में आरोपी के भाजपा से संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
धालीवाल ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने और लोगों में डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के पीछे शामिल लोगों और साजिशकर्ताओं को बेनकाब करना जरूरी है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
Arvind Kejriwal : धमकियों से नहीं डरेंगे आप नेता
कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि Arvind Kejriwal और आम आदमी पार्टी के नेता ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरवाद और धमकियों के जरिए पार्टी नेताओं को लोगों के हित में काम करने से नहीं रोका जा सकता।
उन्होंने पुलिस से अपील की कि आरोपी के साथ-साथ इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। धालीवाल ने कहा कि धमकी देने वालों और उनके पीछे काम कर रहे लोगों को बेनकाब कर जेल भेजा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब और देश के लोगों के लिए अपना काम जारी रखेगी। किसी भी तरह की धमकी या दबाव पार्टी के नेताओं को उनके राजनीतिक और सार्वजनिक दायित्वों से पीछे नहीं हटा सकता।
आप नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़े :- SIR 2027 : पंजाब में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित : अनिंदिता मित्रा