पंजाब

Youth Run Punjab 2026 : नशों के खिलाफ हजारों युवाओं ने लगाई दौड़

• •
15 Views
Youth Run Punjab 2026 - Thousands of youths ran against drugs
Youth Run Punjab 2026 - Thousands of youths ran against drugs

अमनशेर सिंह शैरी कलसी, हरभजन सिंह ईटीओ और कुलदीप सिंह धालीवाल ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का दिया संदेश

अमृतसर, 11 अक्टूबर। पंजाब में नशों के खिलाफ चलाई जा रही ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ मुहिम के तहत रविवार को अमृतसर में Youth Run Punjab 2026 का आयोजन किया गया। रंजीत एवेन्यू से सुबह छह बजे शुरू हुई इस दौड़ में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लेकर नशामुक्त पंजाब का संदेश दिया।

आम आदमी पार्टी की युवा इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। आयोजन के जरिए युवाओं को खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने तथा नशों से दूर रहने का आह्वान किया गया।

शैरी कलसी ने कहा कि Youth Run Punjab 2026 में युवाओं की भागीदारी राज्य के नौजवानों की खेलों और सेहत के प्रति रुचि को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पंजाब के युवाओं की छवि को गलत तरीके से पेश करता है, जबकि इस तरह के आयोजनों में बड़ी संख्या में युवाओं का शामिल होना एक अलग तस्वीर सामने रखता है।

Youth Run Punjab 2026 : युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना नशों के खिलाफ अभियान

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नशों से प्रभावित लोगों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लाने के प्रयासों के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना भी जरूरी है।

आप के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मोहाली, बठिंडा और जालंधर के बाद अमृतसर में भी दौड़ को अच्छा समर्थन मिला है। उनके मुताबिक, माझा क्षेत्र के युवा और खिलाड़ी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना नशों के खिलाफ अभियान का अहम हिस्सा है।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि दौड़ में बच्चों और युवाओं की भागीदारी से खेलों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति उनके उत्साह का पता चलता है। उन्होंने युवाओं से नशों से दूर रहकर खेलों को अपनाने की अपील की।

आम आदमी पार्टी के मुताबिक, मोहाली, बठिंडा, जालंधर और अमृतसर में आयोजित ‘यूथ रन पंजाब 2026’ के कार्यक्रमों में अब तक एक लाख से अधिक लोग हिस्सा ले चुके हैं। पार्टी ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और समाज के अन्य वर्गों को नशों के खिलाफ एकजुट करना और पंजाब को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।

यह भी पढ़े :-  Punjab Education : पंजाब के सरकारी स्कूलों से जुड़े 21 लाख अभिभावक

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts