पंजाब

Bangla Sahib में पुलिस कार्रवाई पर भड़की ‘आप’, अमित शाह के इस्तीफे की मांग

• •
29 Views
AAP outraged over police action at Bangla Sahib
AAP outraged over police action at Bangla Sahib

Bangla Sahib : कुलदीप धालीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर। दिल्ली के गुरुद्वारा श्री Bangla Sahib में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस की कार्रवाई को लेकर पंजाब की सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब की धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन किया। पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग करते हुए हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों की तत्काल रिहाई और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रविवार को इस मुद्दे पर आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, प्रो. बलजिंदर कौर और मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने भाजपा की केंद्र सरकार को घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लोगों को हिरासत में लेने के लिए गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश किया। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मियों के जूते पहनकर और नंगे सिर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने की तस्वीरों और वीडियो ने सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

आप के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भाजपा 1984 के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरती रही है, लेकिन बंगला साहिब की घटना ने उसके अपने रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिखों की आवाज दबाने के मामले में भाजपा और कांग्रेस का तरीका अलग नहीं है।

धालीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई ने ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 की घटनाओं की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की जिम्मेदारी लेने और इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से अपील की कि वे मामले का गंभीरता से संज्ञान लें और गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा के उल्लंघन के खिलाफ आवाज उठाएं।

बलजिंदर कौर ने सुखबीर बादल और धामी को घेरा

आप विधायक प्रो. बलजिंदर कौर ने 10 अक्टूबर को सिख समुदाय के लिए काला दिन बताते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हिरासत में लेने के साथ सार्वजनिक परिवहन और यातायात पर भी पाबंदियां लगाई गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुद्वारा साहिब के भीतर पुलिस की कार्रवाई धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाती है।

बलजिंदर कौर ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इतने गंभीर मामले में सिख धार्मिक संस्थाओं और संगठनों के प्रमुख खुलकर सामने क्यों नहीं आ रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक समीकरणों को सिख समुदाय की भावनाओं से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए।

ग्यासपुरा बोले- धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल न करे भाजपा

आप विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि गुरुद्वारा Bangla Sahib की मर्यादा का उल्लंघन गंभीर मामला है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने गुरु हरिकृष्ण साहिब की मानवता की सेवा से जुड़ी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री बंगला साहिब जैसे पवित्र स्थान का सम्मान हर हाल में कायम रहना चाहिए।

ग्यासपुरा ने भाजपा पर धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपनी सरकार के अधीन हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल की चुप्पी और एसजीपीसी के कामकाज पर भी सवाल उठाए तथा धार्मिक नेतृत्व से इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की।

आप नेताओं ने मांग की कि हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को तत्काल रिहा किया जाए, गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा के उल्लंघन के आरोपों की जांच हो और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा और नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

यह भी पढ़े :-  Youth Run Punjab 2026 : नशों के खिलाफ हजारों युवाओं ने लगाई दौड़

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts