मेरी रसोई योजना: पंजाब में 31 लाख राशन किट वितरित, लुधियाना पहले नंबर पर
चंडीगढ़, 14 नवंबर।
पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राज्य में राशन किटों के वितरण का आंकड़ा दूसरी तिमाही के दौरान 31 लाख के पार पहुंच गया है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक तिमाही में प्रदेश के 40 लाख योग्य परिवारों तक राशन किट पहुंचाना है। इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाभार्थियों को पहले से मिल रही गेहूं के अतिरिक्त राशन किट उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
जिलावार वितरण के आंकड़ों में लुधियाना पहले स्थान पर रहा है। यहां अब तक 3,75,831 राशन किट वितरित की जा चुकी हैं। पटियाला 2,40,975 किटों के साथ दूसरे और बठिंडा 1,94,584 किटों के वितरण के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसी तरह अमृतसर में 1,89,580 और फाजिल्का में 1,65,338 राशन किट वितरित की गई हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में इस योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है। सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को अनाज के साथ-साथ पोषण के लिए जरूरी अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाना है।
प्रत्येक राशन किट में दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। यह सामग्री परिवार की मासिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
राशन किटों को मार्कफेड द्वारा तैयार किया जाता है, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग इनके वितरण की निगरानी करता है। सरकार का कहना है कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, दोहरी प्रविष्टियों को रोकने और योग्य लाभार्थियों तक राशन पहुंचाने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन, विभागीय अधिकारियों और स्थानीय स्तर पर तैनात कर्मचारियों के बीच तालमेल के जरिए वितरण कार्य को पूरा किया जा रहा है। सरकार के मुताबिक, ‘मेरी रसोई’ योजना के माध्यम से गेहूं के साथ दाल, तेल और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाकर परिवारों की खाद्य सुरक्षा और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।