पंजाब

युवाओं को नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाला बनाएगी पंजाब सरकार: भगवंत मान

• •
1 Views

शिक्षा के लिए बजट का 26 प्रतिशत हिस्सा रखा, चार साल में सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने का दावा; सेना में भर्ती की तैयारी के लिए लगेंगे विशेष कैंप

फिरोजपुर, 14 नवंबर।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करने वाला बनाने के लिए शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और राज्य के बजट का 26 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए रखा गया है।

मुख्यमंत्री शनिवार को फिरोजपुर स्थित शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और पंजाब की तरक्की में योगदान देने का आह्वान किया।

भगवंत मान ने कहा कि वर्ष 2021 में 98 एकड़ में स्थापित इस यूनिवर्सिटी में वर्तमान में 2,600 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा हासिल कर रहे हैं। अगले वर्ष तक विद्यार्थियों की संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता रही है। शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी इस क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा के प्रकाश स्तंभ के रूप में उभर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास आज के समय की मुख्य आवश्यकता हैं। युवाओं को पारंपरिक पेशों तक अपने सपनों को सीमित नहीं रखना चाहिए। पंजाब को डॉक्टरों और इंजीनियरों के साथ-साथ पेशेवरों, उद्यमियों, खिलाड़ियों और राष्ट्र निर्माताओं की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को इस काबिल बनाना है कि वे अपने लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।

सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने पास की नीट परीक्षा

सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सुधार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की है, जबकि वर्ष 2021 में यह संख्या केवल 80 थी। उन्होंने इसे चार वर्षों में लगभग 11 गुना वृद्धि बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में आए बदलाव को दर्शाती है। सफल विद्यार्थियों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी शामिल हैं।

सेना में भर्ती के लिए लगाए जाएंगे विशेष कैंप

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं में सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने का विशेष उत्साह है। सरकार ऐसे युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी तैयारी करवाने के लिए विशेष कैंप आयोजित करेगी।

उन्होंने बताया कि थल सेना प्रमुख और पश्चिमी कमान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान भी इस विषय पर चर्चा हुई थी। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक पंजाबी युवा सिख रेजिमेंट सहित सशस्त्र सेनाओं में शामिल हों।

खेलों के लिए 1,794 करोड़ रुपये का बजट

भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने खेल क्षेत्र के लिए 1,794 करोड़ रुपये के बजट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब ने अपने इतिहास में पहली बार राज्य के भीतर अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी की है।

उन्होंने हरमनप्रीत सिंह, शुभमन गिल, हरमनप्रीत कौर और पालप्रीत सिंह बराड़ जैसे खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में देश का नाम रोशन किया है।

माता-पिता बच्चों को अपने सपने पूरे करने की आजादी दें

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर पारंपरिक पेशे अपनाने का दबाव न डालें, बल्कि उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में अलग-अलग खूबियां होती हैं और माता-पिता तथा शिक्षकों का सहयोग उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके जीवन का वास्तविक सफर शुरू होता है। युवाओं को यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और आईएएस तथा आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का लक्ष्य भी रखना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से विदेशों में अवसर तलाशने के साथ-साथ अपनी मातृभूमि पंजाब के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है। उन्हें अपनी काबिलियत के दम पर नए अवसर पैदा करने चाहिए और जहां भी जाएं, पंजाब का नाम रोशन करना चाहिए।

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts