होशियारपुर के हरखोवाल में भगवंत मान ने किए जनता को समर्पित
होशियारपुर, 14 अक्टूबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को होशियारपुर जिले के चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गांव हरखोवाल में 154 नए Aam Aadmi Clinics जनता को समर्पित किए। सरकार के अनुसार, इन क्लीनिकों के शुरू होने के बाद राज्य में इनकी कुल संख्या बढ़कर 1,244 हो गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं, मुफ्त दवाइयों, जांच सुविधाओं और मुख्यमंत्री सेहत योजना का जिक्र करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि Aam Aadmi Clinics में अब तक 6.48 करोड़ ओपीडी दर्ज की जा चुकी हैं। इन क्लीनिकों में 107 प्रकार की दवाइयां और 47 तरह की जांच मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को घरों के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए दूर न जाना पड़े और आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए शुरू किए गए क्लीनिकों में से 36 अमृतसर, 26 पटियाला, 17 लुधियाना, 12 गुरदासपुर, 11 जालंधर और 10 साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी नए क्लीनिक खोले गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि पहले से चल रहे 1,090 आम आदमी क्लीनिकों में प्रतिदिन लगभग एक लाख लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। सरकार के आंकड़ों के अनुसार, इन क्लीनिकों में अब तक 1.98 करोड़ मरीजों का इलाज किया जा चुका है और करोड़ों जांच मुफ्त की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से आम परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है।
Aam Aadmi Clinics : 54.20 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी
हालांकि, सरकार की ओर से जारी जानकारी में मुफ्त जांचों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। एक स्थान पर 3.63 करोड़ और दूसरे स्थान पर 4.01 करोड़ जांचों का उल्लेख किया गया है। इसी तरह मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत इलाज करवा चुके लाभार्थियों की संख्या कहीं 7.51 लाख और कहीं 8.02 लाख बताई गई है।
मुख्यमंत्री सेहत योजना का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि योजना के तहत 54.20 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज का लाभ ले सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी व्यक्ति को इलाज से वंचित न रहना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग में रोजगार के अवसरों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने विभाग में 5,388 युवाओं को नौकरियां दी हैं। इनमें मेडिकल अधिकारियों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सों और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
पारंपरिक राजनीतिक दलों ने पंजाब को नुकसान पहुंचाया
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर राजनीतिक हमला भी किया। उन्होंने दावा किया कि यदि विरोधी दल सत्ता में आए तो आम आदमी क्लीनिक, मुख्यमंत्री सेहत योजना, महिलाओं के लिए सत्कार योजना और मुफ्त बस यात्रा जैसी सुविधाएं बंद हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का ध्यान नारों की राजनीति के बजाय स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने पंजाब को नुकसान पहुंचाया है और उनकी सरकार जनहित की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, विधायक डॉ. ईशान चब्बेवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- पंजाब में 70,685 Government Jobs देने का दावा