पंजाब

पंजाब में 70,685 Government Jobs देने का दावा

• •
7 Views
Claim of providing 70685 government jobs in Punjab
Claim of providing 70685 government jobs in Punjab

कपूरथला, 13 अक्टूबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में शिक्षा सुधारों और रोजगार के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि अब तक युवाओं को योग्यता के आधार पर 70,685 Government Jobs दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नौजवानों को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बनाना है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, कपूरथला के 14वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मान ने कहा कि डिग्री महज कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि सपनों को साकार करने और समाज में योगदान देने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और हुनर का इस्तेमाल पंजाब की तरक्की के लिए करने की अपील की।

Government Jobs : शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का दावा

भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान शिक्षा और रोजगार के अवसरों की अनदेखी के कारण पंजाब के युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए विदेशों की ओर रुख करना पड़ा। उनकी सरकार सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार, आधुनिक कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं और नए पाठ्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को बदलने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराने के लिए सिंगापुर और फिनलैंड भेजा गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक कौशल और उद्यमिता से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे बदलती दुनिया की चुनौतियों का सामना कर सकें।

मान ने दावा किया कि नीति आयोग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से पहले पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 27वें स्थान पर था और अब शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवारों के 882 विद्यार्थियों का नीट परीक्षा में सफल होना साबित करता है कि उचित अवसर मिलने पर हर वर्ग के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के भुगतान में उनकी सरकार के कार्यकाल के दौरान एक सेमेस्टर की भी देरी नहीं होने दी गई।

नशे के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशे के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को पहले नशे की समस्या से निपटने में अपनी भूमिका और रिकॉर्ड पर जवाब देना चाहिए।

मान ने केंद्र की भाजपा सरकार से सवाल किया कि गुजरात और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद बंदरगाहों के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी कैसे जारी रही। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को केवल पंजाब तक सीमित करके देखना उचित नहीं है और इस पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

Government Jobs : हॉकी खिलाड़ियों को किया सम्मानित

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के छह खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह के अलावा जर्मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, मनदीप सिंह, जुगराज सिंह और सुखजीत सिंह शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पंजाब और देश के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी को भी राज्य के लिए अपनी खेल संस्कृति और आयोजन क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर बताया।

समारोह में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. अरविंद कुमार बंसल और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

यह भी पढ़े :- बादलों की Save Punjab मुहिम पर आप का हमला

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts