56 गांवों की 68,500 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए मिला Irrigation Water
चंडीगढ़, 30 जुलाई (ध्रुव)। पंजाब के शुतराना विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जल संसाधन एवं भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने गांव बूटा सिंह वाला और बादशाहपुर में नहरी सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर शुतराना के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर भी मौजूद रहे।
इन परियोजनाओं के तहत 80.35 करोड़ रुपये की लागत से 137.13 किलोमीटर लंबी नहरों, रजबाहों और सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है। इससे शुतराना विधानसभा क्षेत्र के 56 गांवों की करीब 68,500 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई के लिए Irrigation Water उपलब्ध होगा।
Irrigation Water : 18 गांवों की 9,302 एकड़ जमीन को भी मिलेगा लाभ
मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि परियोजना के तहत दो नहरों और 14 माइनरों एवं सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है। इसके अलावा 53.9 किलोमीटर लंबी पाइपलाइनें बिछाई गई हैं, जिन पर 8.89 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
इन पाइपलाइनों के जरिए 18 गांवों की लगभग 9,302 एकड़ जमीन को भी नहरी पानी की सुविधा मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों को सिंचाई के लिए अधिक भरोसेमंद जल स्रोत उपलब्ध होगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
घग्गर तटबंध को मजबूत करने पर 2.46 करोड़ खर्च
बरिंदर कुमार गोयल ने बादशाहपुर में घग्गर तटबंध के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कटाव की आशंका वाले करीब 1,000 फुट क्षेत्र में पत्थर और जाली लगाकर तटबंध को मजबूत किया गया है। इस काम पर करीब 2.46 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पिछले वर्ष घग्गर तटबंधों को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया गया। मंत्री के मुताबिक, पिछले वर्ष घग्गर नदी में अत्यधिक जल प्रवाह के बावजूद कहीं भी तटबंध नहीं टूटे। उन्होंने कहा कि बादशाहपुर में भी खनौरी की तर्ज पर गेज लगाया जाएगा और बाढ़ से बचाव से जुड़े जरूरी कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
इस मौके पर विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का किसानों के हित में परियोजनाएं शुरू करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने शुतराना क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इन सिंचाई परियोजनाओं (Irrigation Water) से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।
विधायक ने कहा कि घग्गर के पार स्थित गांवों तक भी नहरी पानी (Irrigation Water) की सुविधा पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसान हितैषी योजनाओं और परियोजनाओं को लगातार जमीन पर लागू कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक वनिंदर कौर लूंबा, ड्रेनेज विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रजिंदर घई, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुनदीप सिंह, आकाश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में किसान, स्थानीय लोग और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- Jagat Jyot Guru Granth Sahib सत्कार बिल पर मालविंदर कंग की सफाई