पंजाब

मोगा में 26 नवंबर को AAP Mega Rally

• •
7 Views
AAP Mega Rally in Moga on November 26
AAP Mega Rally in Moga on November 26

मोगा/चंडीगढ़, 23 नवंबर। आम आदमी पार्टी (AAP) 26 नवंबर को मोगा में 'खुशहाल पंजाब' Mega Rally के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने जा रही है। गांव मटवाणी में आयोजित होने वाली इस Mega Rally के लिए 116 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस रैली को संबोधित करेंगे।

आप के वरिष्ठ नेता एवं मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने रैली की तैयारियों का जायजा लेने के बाद दावा किया कि यह पंजाब के इतिहास की सबसे बड़ी राजनीतिक रैलियों में से एक होगी। उन्होंने कहा कि इसमें लाखों लोग शामिल होंगे और पार्टी नेतृत्व पिछले पांच वर्षों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगा।

धालीवाल के मुताबिक, रैली के मंच से 2027 के विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से की गई पांचों गारंटियां पूरी की हैं। इनमें मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सुविधाएं, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, रोजगार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में हर परिवार को मुफ्त बिजली मिलने से सालाना करीब 18 हजार रुपये की बचत हो रही है। मोहल्ला क्लीनिकों में 42 प्रकार के टेस्ट मुफ्त किए जा रहे हैं। वहीं, सरकार की ओर से 77 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देने और हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की बात भी कही।

'खुशहाल पंजाब' Mega Rally में पंजाब के लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी

खेती और सिंचाई के मुद्दे पर धालीवाल ने कहा कि सरकार ने 15 हजार किलोमीटर लंबी पाइपलाइनें बिछाई हैं और नहरी पानी को खेतों तक पहुंचाने के लिए काम किया है। उनके अनुसार, इससे भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है और किसानों को भी लाभ हुआ है।

केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए धालीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब के पानी, चंडीगढ़, विश्वविद्यालयों और फंड से जुड़े मामलों में राज्य के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने अकाली दल और कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए दोनों पार्टियों पर परिवारवाद और राजनीतिक स्वार्थ की राजनीति करने के आरोप लगाए।

विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि 'खुशहाल पंजाब' Mega Rally में पंजाब के लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि मान सरकार ने बिना भेदभाव के जनता से किए वादे पूरे किए हैं। वहीं विधायक सर्वजीत कौर मानूके ने कहा कि लोग सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर खुद रैली में पहुंचेंगे।

पार्टी नेताओं ने पंजाब के किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम लोगों से 26 नवंबर को सुबह 11 बजे गांव मटवाणी, मोगा पहुंचने की अपील की है।

यह भी पढ़े :- पिछली सरकारों ने पंजाब की जवानी बर्बाद की : Bhagwant Mann

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts