बंगला साहिब में पुलिस कार्रवाई पर भड़के Baltej Pannu, अमित शाह से पूछा- आदेश किसने दिए?
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर। गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी पंजाब ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। आप पंजाब के मीडिया प्रभारी Baltej Pannu ने आरोप लगाया कि गुरुद्वारा परिसर में पुलिस की कार्रवाई ने सिख समुदाय को ऑपरेशन ब्लू स्टार की दर्दनाक यादें ताजा करा दी हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए सवाल उठाया कि पुलिस को जूते पहनकर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने और वहां शरण लिए लोगों को जबरन बाहर निकालने के आदेश किसने दिए थे।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में पन्नू ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने, उनके आवागमन पर रोक लगाने और गुरुद्वारा परिसर के भीतर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे परंपरागत रूप से धर्म और जाति के भेदभाव के बिना लोगों को शरण और लंगर उपलब्ध कराते रहे हैं। ऐसे पवित्र स्थान पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।
पन्नू ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाहनों और मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियां लगाने तथा बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में लेने की कार्रवाई सरकार के रवैये पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपातकाल की तरह इस दिन को भी भविष्य में ‘नजरबंदी दिवस’ के रूप में याद किया जा सकता है।
उन्होंने पुलिस कार्रवाई के दौरान एक सिख युवक के कपड़े फाड़े जाने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की। पन्नू ने पूछा कि आखिर ऐसी कौन-सी आपात स्थिति पैदा हो गई थी कि पुलिस को गुरुद्वारा साहिब के भीतर प्रवेश करना पड़ा। उन्होंने केंद्र सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि कार्रवाई के आदेश किस अधिकारी ने दिए और गुरुद्वारा परिसर से कितने लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया।
ऑपरेशन ब्लू स्टार पर भाजपा को घेरा
Baltej Pannu ने कहा कि भाजपा ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर कांग्रेस की आलोचना करती रही है, लेकिन अब उसे गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब धार्मिक स्थलों की मर्यादा का मुद्दा उठता है तो भाजपा अपनी सरकार के अधीन हुई कार्रवाई की जिम्मेदारी से कैसे बच सकती है।
इस संदर्भ में उन्होंने भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की पुस्तक ‘माई कंट्री, माई लाइफ’ का भी उल्लेख किया और ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर भाजपा के पुराने राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए।
सुखबीर बादल और धामी की चुप्पी पर सवाल : Baltej Pannu
पन्नू ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की चुप्पी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सिख संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले नेताओं को इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
उन्होंने सुखबीर बादल पर भाजपा के साथ संभावित राजनीतिक समझौते की उम्मीद में नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया। पन्नू ने कहा कि पहले अकाली दल के नेता दिल्ली और हरियाणा की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाते रहे हैं, इसलिए अब उन्हें बंगला साहिब के मामले में भी जवाब मांगना चाहिए।
Baltej Pannu द्वारा अकाल तख्त के जत्थेदार से हस्तक्षेप की अपील
बलतेज पन्नू ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से अपील की कि वे इस मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय और केंद्र सरकार के समक्ष उठाएं। उन्होंने मांग की कि गुरुद्वारा साहिब के भीतर पुलिस की कार्रवाई, हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और आदेश देने वाले अधिकारियों के बारे में स्थिति स्पष्ट की जाए।
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी ने दोहराया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस कार्रवाई की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने पंजाब भाजपा के नेताओं से भी जवाब मांगा और कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा तथा लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़े :- Bangla Sahib में पुलिस कार्रवाई पर भड़की ‘आप’, अमित शाह के इस्तीफे की मांग