कहा—मेरे बारे में बोलने से पहले अपने सलाहकारों से सलाह कर लेते, पंजाब को दोष देने से पहले अपनी जिम्मेदारी संभालें
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध को लेकर दिए बयान पर तीखा पलटवार किया है। मान ने अमित शाह को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा, “चमचों की मत सुनो अमित शाह, अपना खुद काम करो।”
मान ने कहा कि उनके बारे में बोलने से पहले अमित शाह को अपने सलाहकारों से सलाह-मशविरा कर लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सीमा से 50 किलोमीटर तक का क्षेत्र सीमा सुरक्षा बल के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद गुजरात के कांडला बंदरगाह से 3000 किलो चिट्टा पकड़े जाने का मामला सामने आ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान को जिम्मेदार ठहराने से पहले केंद्र सरकार को अपनी जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। उन्होंने अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि अपने “चमचों” द्वारा लिखे-लिखाए संदेशों को कॉपी-पेस्ट करने के बजाय खुद तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए।
मान ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन नशे की तस्करी को रोकना केवल पंजाब सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। सीमा और बंदरगाहों से होने वाली तस्करी पर केंद्र सरकार की एजेंसियों की भी अहम जिम्मेदारी है।