पंजाब

कांग्रेस-अकाली दल-भाजपा पर बरसे Bhagwant Mann, बोले- झंडे अलग, मंसूबे एक

• •
5 Views
Bhagwant Mann lashes out at opposition parties
Bhagwant Mann lashes out at opposition parties

पटियाला, 2 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि तीनों पार्टियां पंजाब के विकास में बाधा डालने और अपने राजनीतिक हित बचाने के लिए एकजुट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के झंडे और चुनाव चिह्न भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इनके मंसूबे एक जैसे हैं। इनका मकसद पंजाब को लूटना और यहां के लोगों का शोषण करना है।

पटियाला के विधानसभा क्षेत्र घनौर के गांव मंडोली में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी राजनीतिक मुकाबला अब 'एक बनाम सभी' का हो गया है। एक तरफ भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल हैं, जबकि दूसरी तरफ पंजाब के लोगों का प्यार और आशीर्वाद है। उन्होंने दावा किया कि पारंपरिक पार्टियों को यह बात हजम नहीं हो रही कि एक आम परिवार का बेटा सत्ता में बैठकर समाज के हर वर्ग के लिए ईमानदारी से काम कर रहा है।

Bhagwant Mann ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अकाली शासन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय नेताओं ने लगभग हर कारोबार में अपना हिस्सा तय कर रखा था। अब उनकी सरकार में पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल कुछ राजनीतिक परिवारों की जगह आम लोगों की भलाई के लिए किया जा रहा है, जिससे विपक्षी दल परेशान हैं।

2027 में भी बड़े नेताओं को घर बैठाने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के मतदाता पहले भी अपना फैसला सुना चुके हैं। वर्ष 2022 में लोगों ने कई बड़े राजनीतिक चेहरों को चुनाव में नकार दिया था। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता विपक्षी दलों के बड़े नेताओं को घर बैठा देगी। मान ने कहा कि लोकतंत्र में कोई नेता या राजनीतिक परिवार जनता से बड़ा नहीं हो सकता और अंतिम फैसला लोगों के हाथ में होता है।

कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता आपस में ही एकजुट नहीं रह पा रहे। उन्होंने मनप्रीत सिंह बादल, सुनील जाखड़ और रवनीत सिंह बिट्टू का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में जा चुके हैं। मान के मुताबिक, ये नेता अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार पाला बदलते रहे हैं।

गांवों में लोगों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताकत : Bhagwant Mann

मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने अपने गांवों के दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी वह गांवों में जाते हैं तो लोग फूलों से उनकी पगड़ी भर देते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पीठ पर किसी बड़े राजनीतिक परिवार या पूंजीपति का हाथ नहीं है, बल्कि आम लोगों का आशीर्वाद है। जब तक पंजाब के लोग उनके साथ खड़े हैं, उन्हें विरोधियों की परवाह नहीं है।

90 हजार घरों को मिलेगा नहरी पानी

राजनीतिक हमलों के साथ मुख्यमंत्री ने मंडोली में पेयजल परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नहर आधारित पेयजल परियोजनाओं से करीब 90 हजार घरों के पांच लाख से अधिक लोगों को साफ पानी उपलब्ध होगा। कई गांवों में भूजल फ्लोराइड और भारी धातुओं से प्रभावित है। ऐसे में नहरी पानी की आपूर्ति लोगों को दूषित भूजल से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाने में मदद करेगी।

मान ने कहा कि उनकी सरकार केवल पाइपलाइनें नहीं बिछा रही, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने का काम कर रही है। साफ पानी हर परिवार का अधिकार है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।

सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने पास की नीट परीक्षा : Bhagwant Mann

शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2021 में सरकारी स्कूलों के केवल 80 विद्यार्थी नीट के लिए योग्य हुए थे, जबकि इस साल यह संख्या बढ़कर 882 हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के प्रयासों के कारण यह बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने आम आदमी क्लीनिक और मुख्यमंत्री सेहत योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इलाज के खर्च के कारण किसी परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दिन के समय कृषि बिजली मिलने से किसानों को राहत मिली है। अब उन्हें सिंचाई के लिए रातभर खेतों में नहीं जागना पड़ता। इसके साथ ही नहरी सिंचाई का दायरा बढ़ने से भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है।

यह भी पढ़े :- Punjab Women : पंजाब की 37.43 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 1,291 करोड़

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts