साढ़े पांच साल में पंजाब में एक भी भर्ती परीक्षा का Paper Leak नहीं हुआ
चंडीगढ़, 23 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने Paper Leak को लेकर देशभर में चल रहे विद्यार्थियों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों विद्यार्थी अपने भविष्य और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज उठाने के बजाय कांग्रेस और भाजपा आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं।
बलतेज पन्नू ने कहा कि विद्यार्थियों का आंदोलन अब इतना बड़ा हो गया है कि इससे कांग्रेस और भाजपा दोनों घबरा गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
पन्नू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के साढ़े पांच साल के कार्यकाल में पंजाब में एक भी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि फरीदकोट में सामने आया मामला पेपर लीक का नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल का था। उनके अनुसार, संबंधित उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर ही कथित तौर पर रंगे हाथों पकड़ा गया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कांग्रेस इस घटना को पेपर लीक बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस को अपने शासनकाल के Paper Leak मामलों का जवाब देना चाहिए: पन्नू
बलतेज पन्नू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने शासनकाल के दौरान सामने आए Paper Leak मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने कार्यकाल की घटनाओं से ध्यान भटकाने के लिए पंजाब सरकार पर आरोप लगा रही है।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी हमला बोला और दावा किया कि उसके कार्यकाल में देश में 90 से अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। पन्नू ने कहा कि इन घटनाओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और कई विद्यार्थियों ने निराश होकर आत्महत्या तक की।
पन्नू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामलों में समय रहते दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की और युवाओं का भरोसा जीतने में भी विफल रही।
‘आप’ युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी: बलतेज पन्नू
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी ने कहा कि आज देश का युवा पेपर लीक के खिलाफ न्याय और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगाकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर भी भाजपा की कथित नाकामी पर सवाल उठाने के बजाय पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब की जनता और देश के युवा पूरी सच्चाई जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस राजनीतिक आरोपों के जरिए अपनी नाकामियों को नहीं छिपा सकतीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को हर मंच पर उठाती रहेगी।
यह भी पढ़े :- पंजाब में Diabetes का बढ़ता खतरा