कांग्रेस ने दलितों और पिछड़ों को सिर्फ वोट बैंक समझा : Gaurav Gautam
पलवल, 22 नवंबर। हरियाणा के खेल एवं कानून मंत्री Gaurav Gautam ने कांग्रेस पर दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की दशकों तक अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने इन वर्गों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार इनके सम्मान, अधिकारों और सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए ठोस कदम उठा रही है। Gaurav Gautam ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
Gaurav Gautam शनिवार को पलवल स्थित विश्राम गृह में पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। दोनों नेताओं ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा 28 नवंबर को पलवल पहुंचेगी। पंजाब से शुरू हुई यह यात्रा हरियाणा, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचेगी।
कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने विचारों और जीवन के माध्यम से जाति-पाति, ऊंच-नीच तथा सामाजिक भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना प्रस्तुत की थी। उनका संदेश मानवता, समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का था। समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य इन्हीं महान विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है।
भाजपा सरकार की नीतियों का मूल आधार सबका साथ, सबका विकास : Gaurav Gautam
कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोलते हुए Gaurav Gautam ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस दलितों और पिछड़े वर्गों को उनका वास्तविक अधिकार और सम्मान दिलाने में विफल रही। इन वर्गों को केवल चुनावी राजनीति तक सीमित रखा गया। इसके विपरीत भाजपा सरकार शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का मूल आधार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे और आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी की शिक्षाएं किसी एक जाति, समुदाय या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छुआछूत, सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच जैसी कुरीतियों का विरोध करते हुए समानता और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
समरसता संकल्प यात्रा में बढ़-चढ़कर लें भाग
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा केवल एक धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को पलवल पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
दोनों नेताओं ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे समरसता संकल्प यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और संत गुरु रविदास जी के समानता, मानवता और भाईचारे के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता ही मजबूत, संगठित और विकसित समाज की नींव है।
इस अवसर पर भाजपा पलवल जिलाध्यक्ष विपिन बैसला, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. यशपाल, मार्केट कमेटी अध्यक्ष पंकज विरमानी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- Harpal Cheema ने नीतीश सेतु नामकरण पर जताई नाराजगी