अब सालासर, खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की मुफ्त यात्रा कराएगी मान सरकार
जलंधर, 14 जून (ध्रुव)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों के लिए Free Pilgrimage Scheme का लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि मौजूदा तीर्थ यात्रा रूटों के अलावा अब सालासर-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के लिए भी नए रूट शुरू किए जाएंगे।
जलंधर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष तौर पर वोल्वो बसों का संचालन कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में योजना के तहत दो प्रमुख रूट संचालित किए जा रहे हैं। पहले रूट पर श्रद्धालुओं को श्री दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और भगवान वाल्मीकि मंदिर के दर्शन करवाए जाते हैं, जबकि दूसरे रूट पर श्री आनंदपुर साहिब और माता नैना देवी मंदिर के दर्शन कराए जाते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि लोगों की बढ़ती मांग और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने योजना का विस्तार करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही तीन नए रूट शुरू किए जाएंगे, जिनमें सालासर बालाजी-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन शामिल हैं। इन धार्मिक स्थलों का देशभर में विशेष महत्व है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए जाते हैं।
Free Pilgrimage Scheme : यात्राओं का पूरा खर्च वहन करेगी पंजाब सरकार
उन्होंने कहा कि इन यात्राओं का पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी और यात्रियों को किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो भी श्रद्धालु इन यात्राओं में शामिल होना चाहते हैं, वे इसका लाभ अवश्य उठाएं।
केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार समाज के हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखते हुए काम कर रही है। एक तरफ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल कर रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए तीर्थ यात्रा जैसी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को उनकी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जोड़ना भी है। इसी सोच के तहत मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।
केजरीवाल ने विश्वास जताया कि नई तीर्थ यात्रा सेवाओं के शुरू होने से हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा और श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा।
यह भी पढ़े :- बिना प्रीमियम के स्वास्थ्य सुरक्षा दे रही Mukhyamantri Sehat Yojana