मैं सत्ता नहीं, पंजाब की तरक्की के लिए राजनीति करता हूं : भगवंत मान
मुकेरियां (होशियारपुर), 15 जुलाई (ध्रुव)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को मुकेरियां में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि जनता के सहयोग और विश्वास के दम पर पंजाब को हर क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनाने का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सत्ता का आनंद लेने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों की तरक्की और खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए राजनीति कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और समाज कल्याण के क्षेत्र में किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष केवल सत्ता हासिल करने की लड़ाई लड़ रहा है, जबकि उनकी सरकार लोगों को अधिक अधिकार देने और जनहित की योजनाओं को लागू करने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पहले ही यह कह चुकी है कि सत्ता में आने पर वह मौजूदा जनकल्याण योजनाओं को बंद कर देगी।
भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के लिए जिम्मेदार लोगों को कभी माफ नहीं किया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली नेतृत्व ने वर्षों तक राज्य को माफियाओं और नशे के कारोबार के हवाले रखा तथा जनता के विश्वास के साथ धोखा किया।
नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए : भगवंत मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और अन्य विकास कार्यों पर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है, बिना किसी भ्रष्टाचार के 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और कई टोल प्लाजा बंद कर रोजाना करीब 70 लाख रुपये की बचत की जा रही है।
उन्होंने कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनने के समय केवल 22 प्रतिशत सिंचाई नहरी पानी से होती थी, जो अब बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गई है। साथ ही नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं, जिससे भूजल स्तर में दो से चार मीटर तक सुधार दर्ज किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षा में पंजाब ने केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक शिक्षण पद्धतियां और शिक्षकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है।
अब तक 30 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। अब तक 30 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और लाभार्थियों को लगभग 650 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जुलाई में पंजीकरण से वंचित रहने वाली महिलाओं को अगस्त में तीन महीने की राशि एक साथ मिलेगी और यह योजना जारी रहेगी।
सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि पंजाब को विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने लोगों से सरकार के विकास कार्यों के आधार पर समर्थन देने की अपील की।
यह भी पढ़े :- Narinder Modi के पंजाब दौरे से पहले ट्रेन पर खालिस्तानी नारे