बेअदबी पर उम्रकैद और 25 लाख जुर्माना, Harpal Cheema का बड़ा बयान
चंडीगढ़, 13 अप्रैल (सुनील कुमार)। पंजाब में भगवंत सिंह मान सरकार ने ‘बेअदबी’ के खिलाफ देश के सबसे सख्त कानूनों में से एक लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विधानसभा में पेश किए गए “जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026” के तहत अब दोषियों को उम्रकैद और 25 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इस बिल के समर्थन में बोलते हुए वित्त मंत्री Harpal Cheema ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सरकार ‘बेअदबी’ के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब यह अपराध पूरी तरह गैर-जमानती होगा।
Harpal Cheema ने विपक्ष पर तीखा हमला
हरपाल सिंह चीमा ने शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने वर्षों तक लोगों को गुमराह किया और आरोपियों को बचाया। उन्होंने नकोदर कांड और बहिबल कलां गोलीकांड जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों में न्याय नहीं मिल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों ने न सिर्फ कार्रवाई में ढिलाई बरती, बल्कि सबूतों से भी छेड़छाड़ की गई।
Harpal Cheema ने कहा कि पिछली सरकारों ने सिर्फ SIT बनाकर मामले लटकाए, जबकि वर्तमान सरकार ने अदालत में चालान पेश कर जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सवाल किया कि राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेअदबी’ के खिलाफ सख्त कानून क्यों नहीं बनाया गया, जबकि पंजाब ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया है।
शिरोमणि अकाली दल का इतिहास दागदार रहा
अपने विधानसभा संबोधन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सरकार के रुख को स्पष्ट किया और कहा कि इन मुद्दों पर शिरोमणि अकाली दल का इतिहास दागदार रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब के राज्यपाल जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए बिना किसी देरी के “जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026” को मंजूरी देंगे। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए यह भी सवाल किया कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेअदबी’ के खिलाफ ऐसा सख्त कानून क्यों नहीं बनाया।
यह भी पढ़े :- Life Imprisonment for Sacrilege, मान सरकार का ऐतिहासिक फैसला