पंजाब

Punjab में अप्रैल-मई 2027 से शुरू होगी पोटाश की खोज

• •
1 Views
Exploration for potash will begin in Punjab from April–May 2027 says Barinder Goyal
Exploration for potash will begin in Punjab from April–May 2027 says Barinder Goyal

फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब में कुल 40 बोरहोल्स की होगी खुदाई

चंडीगढ़, 10 नवंबर। Punjab में पोटाश के भंडारों की खोज का काम अप्रैल 2027 के अंत या मई के पहले सप्ताह तक शुरू होने की संभावना है। केंद्र सरकार ने फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब जिलों में पोटाश की खोज के लिए 35 बोरहोल्स की खुदाई को मंजूरी दे दी है, जबकि पंजाब सरकार अपनी ओर से पांच अतिरिक्त बोरहोल्स की खुदाई करेगी। इस तरह राज्य में कुल 40 बोरहोल्स के माध्यम से पोटाश के भंडारों की गहराई, मात्रा और गुणवत्ता का पता लगाया जाएगा।

पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को Punjab भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार पंजाब की अप्रयुक्त खनिज क्षमता का उपयोग करने और महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

गोयल ने बताया कि गोवा में 5 और 6 नवंबर को केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय खनन मंत्रियों के सम्मेलन में पंजाब ने पोटाश की खोज सहित राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पंजाब के प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करने और खोज प्रक्रिया में तेजी लाने का भरोसा दिया है।

Punjab : 1989 में हुई थी पोटाश के भंडारों की पहचान

खनन मंत्री ने कहा कि फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब के कुछ हिस्सों में पोटाश के भंडारों की पहचान वर्ष 1989 में ही हो गई थी, लेकिन पिछली सरकारों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वर्षों के दौरान बहुत सीमित स्तर पर खोज कार्य हुआ। वर्ष 2018-19 में एक और 2022-23 में आठ बोरहोल्स की खुदाई की गई थी।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने इस परियोजना को गंभीरता से लिया है और अब इसे निर्धारित समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

गोयल के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी के तहत 20 बोरहोल्स भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) और 15 बोरहोल्स मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) द्वारा खोदे जाएंगे। इसके अलावा पंजाब सरकार पांच बोरहोल्स की खुदाई करेगी। चल रही खुदाई गतिविधियों की रिपोर्ट फरवरी 2027 तक आने की संभावना है। इसके आधार पर अप्रैल के अंत या मई के पहले सप्ताह तक पोटाश की खोज का अगला चरण शुरू किया जा सकेगा।

पोटाश के लिए लगभग 100 फीसदी आयात पर निर्भर भारत

बरिंदर गोयल ने कहा कि पोटाश एक महत्वपूर्ण खनिज है और भारत इसके लिए लगभग 100 फीसदी आयात पर निर्भर है। ऐसे में पंजाब में इसके भंडारों की खोज सफल रहती है तो देश की खनिज सुरक्षा मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मोहाली में पोटाश और भारी धातुओं की जांच के लिए विशेष प्रयोगशाला स्थापित कर रही है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पंजाब ने राष्ट्रीय खनिज खोज ट्रस्ट (एनएमईटी) से पत्तरेवाला, खिप्पांवाली, खुरंज और बदियां में वर्ष 2027-28 के लिए प्रस्तावित पोटाश खोज ब्लॉकों को जल्द मंजूरी देने की मांग भी की है। इसके अलावा राजपुरा, गिद्दड़ांवाली और शेरगढ़ में भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण को जी-3 से जी-1 स्तर तक उन्नत करने का अनुरोध किया गया है, ताकि इन क्षेत्रों में खनिज संसाधनों की व्यावसायिक संभावनाओं का बेहतर आकलन हो सके।

खनन सुधारों में Punjab देशभर में पहले स्थान पर

खनन मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के खनन सुधार मूल्यांकन-2025 में पंजाब ने संबंधित श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इसके लिए राज्य को केंद्र सरकार से 200 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन भी मिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में राज्य सरकार ने खनन क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए कई सुधार किए हैं। इनमें वे-ब्रिजों का एकीकरण, चेक पोस्ट स्थापित करना, अवैध खनन की निगरानी के लिए डिजिटल पोर्टल विकसित करना और सीसीटीवी कैमरे लगाना शामिल है।

हालांकि, 2026-27 के लिए राज्यों को पूंजी निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) के संशोधित पात्रता मानदंडों पर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले बड़े और छोटे खनिजों का मूल्यांकन अलग-अलग होता था, लेकिन अब दोनों को एक साथ कर दिया गया है। पंजाब मुख्य रूप से छोटे खनिजों से संबंधित राज्य है। इसलिए केंद्र से पुराने मूल्यांकन ढांचे को जारी रखने या पंजाब के प्रदर्शन का अलग से मूल्यांकन करने की मांग की गई है।

भूजल स्तर में 2 से 4 मीटर तक सुधार का दावा

गोयल ने राष्ट्रीय सम्मेलन में Punjab की भूजल संरक्षण संबंधी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य में भूजल संरक्षण के प्रयासों से विभिन्न स्थानों पर जलस्तर में 2 से 4 मीटर तक सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि पंजाब अब कृषि और सतही खनन के साथ-साथ भूमिगत खनिज संसाधनों की खोज के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका बढ़ाने के लिए तैयार है। राज्य सरकार का उद्देश्य खनिज खोज को गति देना, निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

मंत्री ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से पोटाश खोज परियोजना निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ेगी और इससे पंजाब के आर्थिक विकास के साथ-साथ देश की खनिज आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़े :- पंजाब में Stubble Burning के मामलों में 95 फीसदी की कमी

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts