चंडीगढ़

Prakash Parv : 30 नवंबर को वाराणसी से होगी शुरुआत

• •
16 Views
prakash-parv-to-begin-from-varanasi-on-november-30
prakash-parv-to-begin-from-varanasi-on-november-30

चंडीगढ़/वाराणसी, 29 नवंबर। श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें Prakash Parv को समर्पित ऐतिहासिक धार्मिक आयोजनों के तहत पंजाब सरकार की ओर से 30 नवंबर को वाराणसी से 1,232 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा निकाली जाएगी। अब तक की सबसे लंबी बताई जा रही यह शोभायात्रा चार दिनों में कई राज्यों से गुजरते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होगी।

इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने के लिए पंजाब सरकार का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को वाराणसी पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डॉ. रवजोत सिंह, हरभजन सिंह ईटीओ, पर्यटन मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद और डॉ. बलजीत कौर सहित साथी मंत्री, सांसद, विधायक, धार्मिक नेता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा गुरु रविदास जी महाराज के 650वें Prakash Parv को पूरे वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य के विभिन्न हिस्सों से चार प्रमुख धार्मिक शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होंगी।

Prakash Parv : संगत से शामिल होने की अपील

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। वाराणसी की पवित्र धरती सीर गोवर्धनपुर से शुरू होने वाली शोभायात्रा इस ऐतिहासिक आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने पंजाब की संगत से अपील की कि वे इन धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और गुरु साहिब का प्रकाश पर्व खुशी, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि संत समाज इस पहल को पूरा सहयोग और मार्गदर्शन दे रहा है। पंजाब सरकार भी आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरी संगत के लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का अवसर है। उन्होंने कहा कि वाराणसी की पवित्र धरती पर नतमस्तक होना और गुरु महाराज के प्रकाश पर्व के आयोजनों में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है।

डॉ. रवजोत सिंह ने संगत से अपील की कि वे इन ऐतिहासिक आयोजनों में पूरे उत्साह के साथ शामिल हों और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना भी की।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की सराहनीय पहल की है। उन्होंने हर पंजाबी से अपील की कि वह इन आयोजनों में शामिल होकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाए।

Prakash Parv : चार दिन में तय होगा 1,232 किलोमीटर का सफर

ऐतिहासिक शोभायात्रा 30 नवंबर को सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से रवाना होगी। यात्रा का पहला चरण वाराणसी से कानपुर तक होगा, जिसमें लगभग 350 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा।

दूसरे चरण में शोभायात्रा कानपुर से आगरा होते हुए लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय कर ग्रेटर नोएडा पहुंचेगी।

तीसरे चरण में यात्रा ग्रेटर नोएडा से हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला से होते हुए लगभग 281 किलोमीटर का सफर तय कर एसएएस नगर (मोहाली) पहुंचेगी।

अंतिम चरण में शोभायात्रा मोहाली से खरड़, रूपनगर, श्री आनंदपुर साहिब और झज्ज चौक होते हुए लगभग 101 किलोमीटर की दूरी तय कर 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान कानपुर, ग्रेटर नोएडा और मोहाली में रात्रि विश्राम निर्धारित किया गया है।

सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम

शोभायात्रा के सुचारू संचालन और संगत की सुविधा के लिए रास्ते में पड़ने वाले जिला प्रशासन द्वारा यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

पंजाब सरकार और धार्मिक नेताओं ने देशभर की संगत से इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। इस यात्रा का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के समानता, दया, भाईचारे और मानवीय सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

यह भी पढ़े :- पंजाब के 8 कैडेट पास आउट, बनेंगे Army Officers

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts