चंडीगढ़, 29 नवंबर। हरियाणा में वैश्विक निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री Nayab Saini के नेतृत्व में यूनाइटेड किंगडम (यूके) पहुंचे उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दौरे के पहले ही दिन उद्योगपतियों, वैश्विक निवेशकों और प्रवासी भारतीयों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों में हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों, उद्योग अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन की जानकारी दी गई।
इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद रहे।
यूके पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त कुमारन पेरियासामी और डिप्टी हाई कमिश्नर कार्तिक पांडे ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री Nayab Saini ने भारतीय उच्चायुक्त और प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही यूके के उद्योगों और कारोबारियों को हरियाणा में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने तथा भारत-यूके औद्योगिक सहयोग को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रवासी भारतीयों से भी की मुलाकात : Nayab Saini
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूके में रह रहे प्रवासी भारतीयों के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बैठक की। प्रवासी भारतीयों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक में हरियाणा और यूके के बीच औद्योगिक निवेश बढ़ाने, व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई। इसके अलावा सांस्कृतिक आदान-प्रदान, दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
हरियाणा में निवेश के बेहतर अवसर: Nayab Saini
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा अब कृषि प्रधान राज्य की पहचान से आगे बढ़कर ऑटोमोबाइल, विनिर्माण, आईटी, सेवा क्षेत्र, खेल, शिक्षा और उद्यमिता सहित कई क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में मजबूत औद्योगिक व्यवस्था और कुशल मानव संसाधन निवेशकों के लिए बड़े अवसर उपलब्ध कराते हैं। राज्य सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुसार नीतियां बनाने, निवेश प्रक्रिया को सरल करने और निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जर्मनी में भी होगा निवेश रोड शो
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए विदेश दौरे पर हैं।
उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान वैश्विक निवेशकों, प्रमुख उद्योगपतियों, कारोबारियों, शैक्षणिक संस्थानों, यूके के सांसदों और हरियाणा मूल के प्रवासी भारतीयों के साथ बैठकें की जाएंगी।
इसके अलावा जर्मनी में हरियाणा स्टेट रोड शो के माध्यम से प्रदेश की निवेश संभावनाओं और उद्योग अनुकूल नीतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए जाएंगे।
यह भी पढ़े :- लाखों परिवारों को मिलेगा घर का मालिकाना हक : Hardeep Mundian