दोपहर 3 बजे राज्य चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
चंडीगढ़, 11 मई (सुनील कुमार)। पंजाब में लंबित पड़े नगर निकाय चुनावों को लेकर आज बड़ा ऐलान होने जा रहा है। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और म्युनिसिपल काउंसिल चुनाव कराने के लिए राज्य चुनाव आयोग को हरी झंडी दे दी है। इसके बाद आज दोपहर 3 बजे राज्य चुनाव आयोग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जिसमें चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार पंजाब सरकार चाहती है कि राज्य में सभी नगर निगम और नगर काउंसिल चुनाव 31 मई तक पूरे कर लिए जाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय निकाय विभाग की ओर से राज्य चुनाव आयोग को लिखित निर्देश भेजे गए हैं। इसके बाद अब चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव आचार संहिता लागू कर चुनावी प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।]
9 म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और 102 म्युनिसिपल काउंसिलों में चुनाव होंगे
जानकारी के मुताबिक पंजाब में 9 म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और 102 म्युनिसिपल काउंसिलों में चुनाव होने हैं। फिलहाल कई नगर निगमों और नगर काउंसिलों में प्रशासक नियुक्त किए गए हैं। नगर काउंसिलों में एसडीएम और नगर निगमों में कमिश्नरों को प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि पंजाब सरकार 2027 विधानसभा चुनावों से पहले स्थानीय निकायों का चुनावी काम निपटाना चाहती है, ताकि आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर फोकस किया जा सके।
यह भी चर्चा है कि मतदान के लिए 24 मई या 31 मई की तारीख पर विचार किया जा रहा है, क्योंकि दोनों दिन रविवार पड़ रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद तीसरे दिन मतगणना कर परिणाम जारी किए जा सकते हैं।
अब सभी की नजरें आज दोपहर 3 बजे होने वाली राज्य चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई हैं, जहां पंजाब के नगर निकाय चुनावों को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
यह भी पढ़े :- School Education में पंजाब नंबर-1, केरल को छोड़ा पीछे