मोहाली, 9 अगस्त (ध्रुव)। पंजाब के युवाओं को नशों से दूर रखने और उन्हें खेल, फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब यूथ विंग ने मोहाली में ‘Punjab Youth Run 2026’ का आयोजन किया। ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ मुहिम के तहत आयोजित 5.5 किलोमीटर की इस मैराथन में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।
Punjab Youth Run 2026 : अमृतसर, पटियाला समेत चार शहरों में होंगे आयोजन
AAP पंजाब यूथ विंग के प्रधान और विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने कहा कि मोहाली में लोगों की बड़ी भागीदारी से साफ है कि पंजाब के लोग स्वस्थ और नशामुक्त पंजाब चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने की पहल है।
लालपुरा ने बताया कि यूथ विंग की ओर से अब अमृतसर, पटियाला, बठिंडा और लुधियाना में भी इसी तरह के मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए फिटनेस, खेल और नशामुक्त पंजाब का संदेश राज्य के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
खेलों से युवाओं को जोड़ना जरूरी: मीत हेयर
AAP सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने यूथ विंग और आयोजन टीम को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को एक मंच पर लाना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के मैदानों से जोड़ना और फिटनेस को बढ़ावा देना नशों के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम है।
मीत हेयर ने पंजाब में खेल बजट में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने खेल विभाग संभाला था, तब राज्य का खेल बजट करीब 150 करोड़ था, जो अब बढ़कर लगभग 1,800 करोड़ हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी सरकार की ओर से युवाओं को खेलों के अधिक अवसर देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि मैराथन को केवल एक दिन की गतिविधि न समझें। चलना, दौड़ना और नियमित एक्सरसाइज को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
AAP सांसद मालविंदर सिंह कंग ने भी मैराथन में शामिल हजारों लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिटनेस और शारीरिक गतिविधियां हर व्यक्ति की जिंदगी का जरूरी हिस्सा होनी चाहिए।
कंग ने कहा कि युवाओं को खेल और हेल्दी लाइफस्टाइल से जोड़ने वाली ऐसी पहल मजबूत और ड्रग-फ्री पंजाब बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। AAP नेताओं ने कहा कि खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आने वाले समय में पंजाब के अन्य हिस्सों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़े :- Sehat Scheme से 2.44 लाख मरीजों पर 316.50 करोड़ का कैशलेस इलाज