मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को दिए निर्देश
चंडीगढ़, 11 नवंबर। पंजाब में Chhath Puja को लेकर भगवंत मान सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य भर में Chhath Puja के लिए चिन्हित किए गए 104 स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सिविल और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा धार्मिक आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। सरकार की प्राथमिकता है कि श्रद्धालु विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग बिना किसी परेशानी के पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक रस्में निभा सकें।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि पंजाब भर में 104 स्थानों की पहचान की गई है, जहां छठ पूजा के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन सभी स्थानों पर स्वच्छता, पीने और धार्मिक रस्मों के लिए ताजा पानी, उचित घाट तथा रोशनी सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो, वहां निर्धारित जल स्रोतों में ताजा पानी डाला जाए और बड़े शहरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित घाटों का निर्माण तथा विकास किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
जल स्रोतों पर तैनात होंगे लाइफगार्ड और पुलिस बल
मुख्यमंत्री ने जल स्रोतों के नजदीक Chhath Puja की रस्में निभाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी श्रद्धालु पानी के नजदीक एकत्रित होंगे, वहां आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में लाइफगार्ड तैनात किए जाएं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उचित बैरिकेडिंग, रस्सियों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें भी जरूरत के अनुसार तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध होने चाहिए।
Chhath Puja : अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी तय
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी समय रहते लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी और जवाबदेही स्पष्ट होनी चाहिए। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं तैयारियों की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी प्रबंध निर्धारित समय पर पूरे हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में हर धर्म और समुदाय के त्योहारों का सम्मान किया जाता है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सभी धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे, सद्भावना और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।
बैठक में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरदीप सिंह मुंडियां, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, विशेष डीजीपी पी.के. सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- पंजाब में 1,000 और Rural Sports Grounds का उद्घाटन