पंजाब

Shri Guru Ravidas Ji का संदेश पहुंचाने निकलीं 50 डॉक्यूमेंट्री वैन

10 Views
50 documentary vans set out to spread the message of Shri Guru Ravidas Ji
50 documentary vans set out to spread the message of Shri Guru Ravidas Ji

संगरूर, 30 जून (स्टेट हेडलाइंस)। पंजाब सरकार ने Shri Guru Ravidas Ji महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में उनके जीवन, दर्शन और समानता के संदेश को घर-घर पहुंचाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को संगरूर से 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वैनें पंजाब के सभी 23 जिलों के लगभग 13,000 गांवों में जाकर श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेंगी।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि Shri Guru Ravidas Ji महाराज का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना उनके समय में था। उन्होंने समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और भेदभाव रहित समाज की स्थापना का संदेश दिया, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गुरु जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक मोबाइल वैन में 12 फुट × 8 फुट की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इस डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक दर्शन और समाज सुधार के लिए किए गए कार्यों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक स्तर पर मनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वर्षभर चलने वाले विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। उनका कहना था कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज में समानता, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का अभियान है।

Shri Guru Ravidas Ji के 650वें प्रकाश पर्व के आयोजन पर 100 करोड़ रुपये का बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और अब श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के आयोजन का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार इन आयोजनों को पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मना रही है ताकि आने वाली पीढ़ियां भी महान संतों और गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज गरीबों, वंचितों और शोषित वर्ग के मसीहा थे। उन्होंने पूरी मानवता को प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया तथा ऐसे समाज की कल्पना की जहां किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म या किसी अन्य आधार पर भेदभाव न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार गुरु जी की शिक्षाओं से प्रेरित होकर ऐसा समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है जहां प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जोड़ना है, ताकि वे सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को अपनाकर बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री गुरु जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास है।

राज्य सरकार के अनुसार यह अभियान पूरे पंजाब में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा और सभी 23 जिलों के करीब 13 हजार गांवों तक पहुंचेगा, जिससे लाखों लोग श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और उनके संदेश से सीधे जुड़ सकेंगे।

यह भी पढ़े :- पंजाब के हर खेत तक पहुंचेगा Canal water

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts