गुजरात से पंजाब में नशे की तस्करी क्यों नहीं रोक रही भाजपा? : चीमा
चंडीगढ़, 16 सितंबर (ध्रुव)। भाजपा की Drug-Free Punjab Yatra को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। आप के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा से पंजाब में राजनीतिक मार्च निकालने से पहले तीन सवालों के जवाब मांगे हैं। चीमा ने गुजरात और राजस्थान से जुड़े नशा तस्करी के मामलों, पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा और राज्य के पानी के मुद्दे पर भाजपा से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू और खरड़ हलका प्रभारी परमिंदर गोल्डी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि नशे के मुद्दे पर पंजाब को भाषण देने से पहले भाजपा को अपने शासन वाले राज्यों में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए और केंद्र के अधीन आने वाली सीमा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए।
चीमा ने कहा कि पाकिस्तान सीमा से लगती 55 किलोमीटर की पट्टी बीएसएफ के अधीन आती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सीमा सुरक्षा केंद्र की जिम्मेदारी है तो भाजपा पंजाब को नशे के मुद्दे पर निशाना क्यों बना रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी को रोकने के लिए एंटी-ड्रोन प्रणाली तैनात की है और पंजाब पुलिस की क्षमता को मजबूत किया है।
Drug-Free Punjab Yatra : नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ दोतरफा रणनीति अपनाई है। एक तरफ नशा तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशे की गिरफ्त में आए लोगों के उपचार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए चीमा ने कहा कि 2007 से 2017 के बीच पंजाब में नशे की समस्या गंभीर रूप से सामने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान ‘चिट्टा’ शब्द नशे के संकट से व्यापक रूप से जुड़ा और राज्य में नशे की तस्करी को लेकर कई गंभीर सवाल उठे। उन्होंने उस समय नशे से जुड़े मामलों की जांच और जालंधर में तैनात प्रवर्तन निदेशालय के एक अधिकारी के तबादले का भी जिक्र किया।
चीमा ने गुजरात और राजस्थान का जिक्र करते हुए कहा कि देश में बरामद नशे की बड़ी खेपों के तार कई बार इन राज्यों से जुड़े होने की बात सामने आई है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि यदि वह नशे के खिलाफ गंभीर है तो पहले भाजपा शासित राज्यों में नशा तस्करी के नेटवर्क पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
उन्होंने भाजपा से पंजाब के पानी के मुद्दे पर भी अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। चीमा ने सवाल उठाया कि भाजपा पंजाब का पानी हरियाणा और राजस्थान की ओर क्यों देना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पंजाब के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपना स्पष्ट पक्ष सामने रखना चाहिए।
यह भी पढ़े :- Hoshiarpur में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश