पंजाब

पहले 2007-17 के अपने रिकॉर्ड का जवाब दे BJP

9 Views
BJP should first answer for its record from 2007 to 2017
BJP should first answer for its record from 2007 to 2017

BJP की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ पर बलतेज पन्नू का हमला

चंडीगढ़, 17 सितंबर (ध्रुव)। आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी और नशा मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने BJP की प्रस्तावित ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को लेकर पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ उठाया गया हर कदम स्वागत योग्य है, लेकिन BJP को पंजाब में यात्रा शुरू करने से पहले 2007 से 2017 के उस दौर पर जवाब देना चाहिए, जब वह राज्य की सरकार में भागीदार थी और नशे की समस्या को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे थे।

बलतेज पन्नू ने सवाल किया कि जब पंजाब में ‘चिट्टा’ चर्चा का बड़ा मुद्दा बनकर उभरा और उसके फैलाव को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, तब BJP ने नशे के खिलाफ ऐसी कोई यात्रा या व्यापक मुहिम क्यों नहीं चलाई। उन्होंने नशे के मामलों की जांच के दौरान नाम सामने आने और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी निरंजन सिंह के तबादले का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि उस समय जांच को आगे क्यों नहीं बढ़ने दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा आज पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर अभियान चला रही है, लेकिन उसके पड़ोसी राज्य हरियाणा समेत भाजपा शासित राज्यों के नशा प्रभावित इलाकों पर चुप्पी क्यों है। पन्नू ने आरोप लगाया कि पंजाब को लेकर चुनिंदा तरीके से अभियान चलाने के बजाय भाजपा को देशभर में नशे की समस्या पर अपनी नीति और कार्रवाई स्पष्ट करनी चाहिए।

पन्नू ने पंजाब के सीमावर्ती जिलों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी को लेकर जिन संवेदनशील जिलों का जिक्र किया जाता है, उनमें बड़ी संख्या सीमावर्ती जिलों की है। उनके अनुसार, भाजपा को पंजाब को बदनाम करने के बजाय यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार और सीमा सुरक्षा बल सीमा पार से नशों की तस्करी रोकने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं।

यात्रा के साथ पंजाब में खेल गतिविधियों को भी जोड़ा

उन्होंने कहा कि 2022 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान शुरू किया और पंजाब पुलिस तथा अन्य एजेंसियों के स्तर पर नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पन्नू ने सीमा पार से होने वाली तस्करी रोकने के लिए पंजाब सरकार की ओर से उठाए गए कदमों और सीमा क्षेत्र में लगाए गए प्रतिरोधी तंत्र का भी उल्लेख किया।

पन्नू ने भाजपा की यात्रा के साथ पंजाब में खेल गतिविधियों को भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के बीच खेलों को लेकर बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि बड़ी संख्या में युवा खेलों की ओर बढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक, हाल में बठिंडा में आयोजित युवा दौड़ में 25 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 3,100 खेल मैदान तैयार किए गए हैं, जिनमें करीब 750 मैदान लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं। पन्नू ने कहा कि गांवों और शहरों में इन मैदानों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेलों से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं।

पन्नू ने कहा कि पंजाब की पहचान को केवल नशे के मुद्दे से जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने राज्य की खेल प्रतिभा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम में पंजाब के खिलाड़ी लगातार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

यह भी पढ़े :- भाजपा की Drug-Free Punjab Yatra से पहले आप ने पूछे 3 सवाल

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts